न्यूजर्सी की लेफ्टिनेंट गवर्नर ताहेशा वे ने अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल मुलाकात की। ताहेशा ने कहा कि न्यूजर्सी में लगभग सवा चार लाख भारतीय-गुजराती बसे हैं जो पर्यावरण, इनोवेशन और व्यापार में उल्लेखनीय योगदान देते हैं, इससे वह प्रभावित हुई हैं। मुख्यमंत्री पटेल नेकहा कि भारतीय और गुजराती परिवार जहां भी रहते हैं, उस क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा समर्पित होकर कार्यरत रहते हैं।
इस मुलाकात में न्यूजर्सी की लेफ्टिनेंट गवर्नर ताहेशा ने न्यूजर्सी और गुजरात के बीच किए गए सिस्टर स्टेट एग्रीमेंट को आगे बढ़ाने की उत्सुकता जताई। उन्होंने कहा कि इससे दोनों राज्यों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।
नोडल संपर्क प्वाइंट के रूप में कार्य करेगा इंडेक्सट-बी
मुख्यमंत्री ने इस उद्देश्य के लिए न्यूजर्सी और गुजरात के बीच सांस्कृतिक, आर्थिक और औद्योगिक क्षेत्र में आदान-प्रदान को और सशक्त बनाने की बात की। उन्होंने कहा कि न्यूजर्सी के लोग गुजरात से संपर्क बनाए रखें, इसके लिए इंडेक्सट-बी नोडल संपर्क प्वाइंट के रूप में कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री ने गुजरात से ग्रीन हाइड्रोजन, रिन्यूएबल एनर्जी, ऑफ शोर विंड एनर्जी, फिनटेक और इनोवेशन में निभाई गई अहम भूमिका की जानकारी दी। न्यू जर्सी की लेफ्टिनेंट गवर्नर ने गुजरात के साथ इन सभी क्षेत्रों में सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
दोनों ने पीपल टू पीपल कनेक्ट को और सशक्त बनाने के लिए एक-दूसरे के हित में काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। मुख्यमंत्री पटेल ने उन्हें स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने का न्योता भी दिया। साथ ही गुजरात की निर्मित हस्तशिल्प कारीगरी की एक प्रतिकृति स्मृति भेंट की। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव एम के दास ने लेफ्टिनेंट गवर्नर को गुजरात के गिफ्ट सिटी के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने लेफ्टिनेंट गवर्नर को गुजरात की महिला शक्ति की निर्मित हस्तशिल्प कारीगरी की एक प्रतिकृति स्मृति भेंट के रूप में प्रदान की।