
लिंक पर क्लिक करते ही हैक हुआ फोन, ई-चालान के फर्जी link से ट्रेन मैनेजर के खाते से 2.85 लाख पार(photo-patrika)
CG Fraud News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगों ने ई-चालान के नाम पर एक ट्रेन मैनेजर को ठगी का शिकार बना लिया। फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही ठगों ने उनका मोबाइल और ई-मेल हैक कर लिया और महज 11 मिनट में उनके खाते से 2.85 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित को जब तक ठगी का पता चलता, तब तक खाते से पैसे निकल चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।
तोरवा के सांई भूमि कॉलोनी निवासी विवेक कुमार बिलासपुर रेलवे कंट्रोल रूम में ट्रेन मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। 7 मार्च की रात करीब 8:50 बजे उनके मोबाइल पर ओवर स्पीडिंग के नाम पर ई-चालान का एक मैसेज आया। मैसेज में दिए गए लिंक पर जब उन्होंने चालान की जानकारी देखने के लिए क्लिक किया तो उसमें कोई राशि नहीं दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने लिंक बंद कर दिया, लेकिन तब तक साइबर ठग उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर चुके थे।
इसके बाद 8 मार्च की रात 2:46 बजे ठगों ने विवेक के आईसीआईसीआई बैंक से लिंक अमेजन पे क्रेडिट कार्ड के जरिए चार ट्रांजेक्शन किए। दो ट्रांजेक्शन 75-75 हजार रुपये के, तीसरा 70 हजार रुपये और चौथा 65 हजार रुपये का किया गया। इस तरह कुल 2.85 लाख रुपये म्यूल अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए गए।
ठगों ने चालाकी दिखाते हुए विवेक की असली ई-मेल आईडी को बदलकर अपनी फर्जी ई-मेल आईडी लिंक कर दी, ताकि ट्रांजेक्शन से संबंधित अलर्ट उन्हें न मिल सकें और ठगी की जानकारी तुरंत न हो पाए।
ठगी का पता चलने पर विवेक ने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन और तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही है।
Published on:
10 Mar 2026 01:54 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
