15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समाचार

दूसरी शादी से खफा बेटे ने ली मां व उसके पति की जान

दंपती को अगवा कर उसकी निर्मम हत्या के बाद शव मेनाल के जंगल में फेंकने के सनसनीखेज मामले की गुत्थी शाहपुरा जिले की काछोला पुलिस ने रविवार को सुलझा ली। पुलिस ने वारदात में लिप्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। कातिल मृतक महिला का पुत्र निकला, जो मां के चार बच्चों को छोड़ दूसरा विवाह करने से खफा था।

Google source verification

भीलवाड़ा। दंपती को अगवा कर उसकी निर्मम हत्या के बाद शव मेनाल के जंगल में फेंकने के सनसनीखेज मामले की गुत्थी शाहपुरा जिले की काछोला पुलिस ने रविवार को सुलझा ली। पुलिस ने वारदात में लिप्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। कातिल मृतक महिला का पुत्र निकला, जो मां के चार बच्चों को छोड़ दूसरा विवाह करने से खफा था।

शाहपुरा पुलिस अधीक्षक राजेश कावंट ने बताया कि भीलवाड़ा के सदर थाना इलाके के खायड़ा निवासी कमलेशसिंह ने काछोला थाने में रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि परिवादी के पिता शैतानसिंह राजपूत ने आठ माह पहले चन्द्रकंवर से दूसरा विवाह किया था। इससे चन्द्रकंवर के पूर्व पति छीतर व उसके दो बेटे तथा चन्द्रकंवर के भाई आदि शैतान से रंजिश रखते थे।

रिपोर्ट में बताया कि शैतान 10 अगस्त को गंधेरी में रहने वाली अपनी बहन हेमा से मिलने चन्द्र के साथ बाइक से गया था। दिन में करीब एक बजे आरोपी व 10-20 अन्य व्यक्ति वाहनों में सवार होकर आए और हेमा के घर में घुसे। इन लोगों ने उसके पिता से मारपीट की। इसके बाद उसके पिता व चन्द्रकंवर को बंधक बना ले गए। हेमा को धमकी दे गए कि अब तुम्हें शैतान की लाश ही मिलेगी।

मेनाल के जंगल में मिले थे शव

थाना प्रभारी श्रद्धा पचौरी ने आरोपित से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही से शैतान व चंद्र के शव मेनाल के घने जंगल से शनिवार को बरामद कर लिए । दोनों शवों का रविवार को पोस्टमार्टम काछोला हॉस्पिटल में करवाया गया। शव को परिजनों को सौंप कर अंतिम संस्कार भीलवाड़ा के खायड़ा में पुलिस की मौजूदगी में किया गया।

भाई बहनों की नहीं हो रही थी शादी

अभियुक्त ने पूछताछ में कबूला कि वे चार भाई-बहन हैं। सभी अविवाहित हैं। इस उम्र में उसकी मां चारों बच्चों व पति को छोड़कर शैतान के साथ चली गई। इसे लेकर चारों भाई बहनों की शादी नहीं हो रही थी। समाज व गांव में नीचा देखना और लोगों के ताने सुनने पड़ रहे थे। इसे लेकर काफी आक्रोशित था। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया। आरोपित ने कत्ल को लेकर किसी तरह का पछतावा होने से भी इनकार किया है।

सड़ गल चुके थे शव

थाना प्रभारी ने बताया कि अपहरण के दिन यानि दस अगस्त को आरोपी ने शैतान व चन्द्र की हत्या कर दी थी। शव सात दिन पुराने होने से सड़-गल चुके थे और बदबू मारने लगे थे।

संदिग्धों की कॉल डिटेल खंगाली

घटना को लेकर विशेष टीम ने संदिग्धों की कॉल डिटेल खंगाली। साइबर विश्लेषकों से उनकी कॉल डिटेल का विश्लेषण करवाया गया।संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की गई।