भीलवाड़ा। वस्त्रनगरी के खेलों का गढ़ कहे जाने वाले सुखाडि़या स्पोर्ट्स कांपलेक्स राज्य सरकार के लिए सफेद हाथी साबित हो रहा। करोड़ों की लागत से बने कांपलेक्स में अनेक खेल मैदान व कोर्ट होने के बावजूद सन्नाटा पसरा है। हालात यह है कि शहर से दूर होने से यहां खेल संघ व खिलाड़ी जाने से कतरा रहे हैं। यहां सुविधा एवं रखरखाव के अभाव ने भी खेल मैदान को जंगल बना दिया है। खेल संघों की अनदेखी से मैदान खिलाडि़यों से कोसों दूर है।
चित्तौड़ रोड िस्थतसुखाडि़या स्पोर्ट्स कांपलेक्स अब पहचान खो रहा। प्रदेश के प्रमुख स्टेडियम में शुमार होने के बावजूद राजस्थान क्रिकेट संघ के आपसी विवाद एवं स्थानीय जिला क्रिकेट संघ की सुस्ती से इसका उपयोग नहीं हो रहा। मैदान की हालत खराब है। घास बढ़ रही है। दर्शक दीर्घा में जंगल पसरा है। साइड स्क्रीन टूटी है।
लॉन टेनिस के दोनों कोर्ट के निर्माण पर नगर विकास न्यास ने लाखों रुपए खर्च किए। यहां एक भी मैच नहीं हो सका। मैदान की जाली टूट चूकी है। कोर्ट के दोनों रास्ते कंटीली झाडियों से घिरे हैं। आठ फ्लड लाइट खराब है। जिला लॉन टेनिस खेल संघ ने भी बेहतरीन कोर्ट के रखरखाव के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई।
बैडमिंटन का खूबसूरत इंडोर स्टेडियम बदरंग है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पूर्व में चर्चित रहा, लेकिन अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता भी नहीं होती। पूरा वूडन कोर्ट खराब हो चुका है। बारिश का पानी भीतर आता है। जिला बैडमिंटन संघ भी इंडोर स्टेडियम की दुर्दशा पर चुप्पी साधे है। बॉस्केटबॉल के दोनों मैदान पर खिलाड़ी नहीं उतरते हैं। इनमें एक की बॉस्केट रिंग खराब हो चुकी है। मैदान का रखरखाव नहीं होता है।
इसी तरह वॉलीबॉल मैदान चरागाह बना हुआ। केवल पोल रह गए। ओपन जिम में लगे हजारों के उपकरण खराब हो रहे हैं। शूटिंग रेंज के निर्माण पर अब तक ढाई करोड़ खर्च हो चुके हैं और ढाई करोड़ रुपए और चाहिए। वॉकिग ट्रेक उधड़ चुका है। जिम्नास्टिक के उपकरणों का उपयोग नहीं हो रहा।
इनका कहना है………………
जिला खेल प्राधिकरण के अधीन सुखाडि़या स्टेडियम संचालित है। लेकिन शहर से दूर होने एवं पर्याप्त सुविधा नहीं होने से खिलाड़ी नहीं जा पा रहे। सरकारी स्तर पर सुविधाएं भी नहीं मिल रही है। यहां गिने-चुने खेलों की ही आंशिक गतिविधि होती है। खेल मैदानों व कोर्ट की हालत ठीक नहीं है। खेल संघों की संयुक्त बैठक भी नहीं होती है।
– लाजपत आचार्य, अध्यक्ष, जिला ओलंपिक संघ, भीलवाड़ा
काया पलट की कार्ययोजना पर काम
सुखाडि़या स्पोर्ट्स कांपलेक्स की काया पलट की कार्ययोजना बनी है। खेल मैदान व कोर्ट में सुधार के लिए प्रस्ताव जिला प्रशासन को भिजवा रखे हैं। मरम्मत कार्य शुरू हुआ है। जल्द व्यापक स्तर पर काम शुरू होगा। खेल संघों को यहां आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
– हेमेन्द्रसिंह राणावत, जिला खेल अधिकारी