भीलवाड़ा। गांधीनगर मोक्षधाम के रास्ते से जुड़ी शहर की नौ कॉलोनियों की राह सीवरेज के गंदे पानी में डूबे हुए हैं। शिकायतों के बावजूद नाले से गंदे पानी की निकासी व्यविस्थत तरीके से नहीं होने से आमजन परेशान हैं।
प्रतापनगर स्कूल के समीप से शुरू हुआ गंदे पानी का नाला करीब दो किमी दूरी तय कर विभिन्न कॉलोनियों से होता गांधीनगर मोक्षधाम के बाहर पहुंच रहा है। यह नाला अन्य कॉलोनी क्षेत्र में तीन फीट तक चौड़ा है, लेकिन मोक्षधाम के बाहर अंतिम छोर पर यह नाला सिमट कर छोटा हो गया है और यहां पानी की आवक ठहर गई है। इससे नाले का गंदा पानी गांधीनगर मोक्षधाम में घुस आया है। मोक्षधाम से जुड़े पांच कॉलोनियों के रास्ते भी गंदे पानी में डूबे हुए है। इससे क्षेत्र के लोग परेशान है।
गांधीनगर मुक्तिधाम विकास समिति व्यवस्था मानसिंह संचेती व रामलाल रांका ने बताया कि गांधीनगर मोक्षधाम की राह अशोक नगर, जम्भेश्वर नगर, संचेती कॉलोनी, महावीर कॉलोनी, मजदूरी कॉलोनी, पांसल चौराहा, कांचीपुरम व श्रीराम कॉलोनी व गांधीनगर से जुड़ी हुई है। इन कॉलोनियों का गंदा पानी इसी नाले के रास्ते से जाता है। लेकिन यहां गंदे पानी की निकासी ठीक नहीं होने एवं गंदे नाले की सफाई का कार्य अटका होने से यहां पानी क्षेत्र में फैला हुआ है। इससे गंदगी फैल रही है। यहां सर्डांध फैले होने से मच्छरों की भी फौज पनप रही है।