इंदौर. नगर निगम की टीम और पशुपालकों के बीच मंगलवार को एक बार फिर विवाद हो गया। निगम कर्मचारी की शिकायत पर एमजी रोड थाना पुलिस ने पशुपालक नोनू यादव और उसके एक दर्जन से अधिक अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यादव ने पुलिस की मौजूदगी में ही अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दे दी।पशु छुड़वाने मुख्यालय तक पहुंच गए। विवाद और हत्या की धमकी देने का वीडियो भी वायरल हुआ है। निगम आयुक्त और अन्य अफसरों ने एफआइआर करवाने के निर्देश दिए।
नगर निगम के कोंदवाडा विभाग के सुपरवाइजर राजेश शर्मा के मुताबिक भागीरथपुरा में अवैध तरीके से पशुपालन किया जा रहा है। इसकी सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत हुई थी। शिकायत के आधार पर मंगलवार दोपहर में नगर निगम के कोंदवाडा विभाग की टीम पहुंची और आवारा पशुओं को पकड़ा। पशुपालक नोनू पिता लेखराज यादव निवासी भागीरथपुरा साईं मंदिर के पास ने टीम को धमकाया और मारपीट का प्रयास किया। सख्ती करते हुए पशुओं को ट्राले में भरकर निगम मुख्यालय लेकर आए। यादव ने निगम की गाड़ियों का पीछा किया और 10-15 साथियों के साथ मुख्यालय तक पहुंच गया। यहां सुपरवाइजर और कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा कि आज तो एकाध को टपका दूंगा। विवाद का वीडियो प्रमाण के रूप में पुलिस को दिया है।पुलिस ने की एफआइआरनगर निगम कर्मचारी भागीरथपुरा में आवारा पशु पकड़ने पहुंचे थे। यहां पशुपालक ने विवाद किया। मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। एमजी रोड थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।