
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंदौर, नलिया बाखल स्थित कपड़ा मार्केट में आग लगाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी से सराफा पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच में पता चला है कि वारदात के पूर्व आरोपी ने सीसीटीवी कैमरे से छेडख़ानी भी की। बाद में दुकान का ताला तोड़ आग लगा दी।
टीआइ सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक आरोपी देवानंद पिता किशनचंद छोड़वाणी निवासी शांति नगर द्वारकापुरी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार सुबह उसने नलिया बाखल स्थित संगऋषि धर्मशाला के नीचे स्थित मार्केट में आग लगी थी। इस वजह से मार्केट की 22 में से 16 दुकान आग की चपेट में आई थी। आग पर काबू पाने के बाद रात 1 से सुबह 5 बजे के बीच के सीसीटीवी कैमरा फुटेज खंगाले गए। इसमें दोपहिया वाहन सवार व्यक्ति वहां आते दिखा। मुंह पर कपड़ा बांधे वह मार्केट में लगे कैमरे से छेडख़ानी करने लगा। फुटेज में कैद व्यक्ति की कद काठी, चाल को व्यापारियों ने पहचाना और उसे देवानंद बताया। फुटेज के आधार पर टीम ने आरोपी को 24 घंटे के अंदर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने भरत जैसवानी की संगऋषि स्थित दुकान पर 17 दिन काम किया था। जिसके ऐवज में उसे 7 हजार की बजाए ढ़ाई हजार दिए। इस बात का बदला लेने के लिए रात 1 से 4 के बीच उसने मार्केट का ताला तोड़ा। अंदर घुस व्यापारी भरत की दुकान का ताला तोड़ा। मंदिर से माचिस निकाल सिगरेट पी। बाद में जलती सिगरेट दुकान में फेंक दी। उस दौरान वहां से चुन्नी उठाकर दुकान में आग लगा दी। दुकान से कपड़े चोरी कर उसे अपने वाहन से ले उड़ा। टीम ने आरोपी से वारदात के समय पहने कपड़े, मुंह पर बांधा कपड़ा, वाहन जब्त किया है। वहीं आरोपी से चोरी के कपड़े बरामद करने के लिए उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।