
MP Board Class 10 and 12 Exam Results Today (Photo Source- MP Board)
MP Board Result- एमपी में आज 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल बुधवार सुबह 11 बजे प्रदेश की इन दोनों अहम परीक्षाओं के परिणाम जारी करेगा। 10वीं- 12वीं के परीक्षा परिणाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव घोषित करेंगे। वे सीएम हाउस से रिजल्ट की घोषणा करेंगे। परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ ही प्रदेश के लगभग 16 लाख छात्रों का इंतजार खत्म हो जाएगा। बोर्ड ने इस बार 10वीं- 12वीं की परीक्षाओं की मूल्यांकन प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है। इसके अंतर्गत बोर्ड सभी परीक्षार्थियों को 'दूसरी परीक्षा' का अवसर देगा।
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार रिजल्ट पोर्टल/ऐप स्लो हो सकते हैं, इसलिए धैर्य रखना होगा। इस वर्ष 10वीं में लगभग 9 लाख और 12वीं में करीब 7 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। 10वीं की परीक्षाएं 11 फरवरी से 6 मार्च तक, 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच हुई थीं।
मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के मुताबिक विद्यार्थी अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा के परिणामों की हर स्तर पर गहराई जांच की जा चुकी है।
यहां देख सकते हैं परिणाम
mpbse.nic.in
mpresults.nic.in
mpbse.mponline.gov.in
mpbse मोबाइल ऐप या mpmobile ऐप के जरिए भी रिजल्ट देखा जा सकता है।
इस बार बोर्ड ने मूल्यांकन प्रणाली में बड़ा बदलाव कर पूरक परीक्षा व्यवस्था खत्म कर दी है। अब सभी विद्यार्थियों को 'दूसरी परीक्षा' का अवसर मिलेगा। यानी जो विद्यार्थी किसी विषय में असफल हुए हैं या अपने अंक सुधारना चाहते हैं, वे दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। दूसरी परीक्षा 7 मई से शुरू होगी। 12वीं की परीक्षा 25 मई तक और 10वीं की 19 मई तक चलेगी। विद्यार्थी मुख्य परीक्षा परिणाम के सात दिन के भीतर एमपी ऑनलाइन कियोस्क के जरिए आवेदन कर सकेंगे। अंतिम अंकसूची दोनों परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर जारी की जाएगी
विशेषज्ञ बोले- यह रिजल्ट जीवन का अंतिम सच नहीं
मनोवैज्ञानिक डॉ. रंजीत जैन का कहना है कि बोर्ड परीक्षा का परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं होता। कई छात्र इसे अपनी क्षमता का पैमाना मान लेते हैं, जो सही नहीं है। अंक केवल एक मूल्यांकन का माध्यम हैं, न कि आपकी पूरी प्रतिभा का प्रतिबिंब। यदि परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं आता है तो घबराने या खुद को कमजोर समझने की जरूरत नहीं है।
Updated on:
15 Apr 2026 07:32 am
Published on:
15 Apr 2026 06:37 am
