
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस 50 साल में सहकारिता मंत्रालय नहीं बना पाई, लेकिन हम सभी ग्राम पंचायतों को प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) को जोड़ देंगे। 2029 तक ऐसी कोई पंचायत नहीं होगी, जहां पैक्स नहीं होगा। हम सहकारिता पर नीति तैयार कर रहे हैं जो अगले एक महीने तक तैयार हो जाएगी।
केंद्रीय सहकारिता मंत्री गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में 102वें अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर आयोजित सहकारिता से समृद्धि सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, गुजरात के सहकारिता मंत्री जगदीश विश्वकर्मा भी मौजूद थे। उन्होंने गुजरात सरकार की योजना को लांच किया, जिसमें किसानों को एजीआर-2 के तहत नैनो यूरिया की खरीद में 50 फीसदी सब्सिडी मिलेगी। इसके साथ ही नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक लिमिटेड (एनओसीएल) की ओर से उत्पादित ‘भारत ऑर्गेनिक आटा’ भी लॉन्च किया।
समितियों से होगी मक्का की खरीदी
शाह ने घोषणा की कि अब मक्का की खरीद सहकारी समितियों से ऑनलाइन की जाएगी। ऐसे में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिल सकेगा और इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। इस कदम का उद्देश्य पेट्रोल आयात को कम करना और राष्ट्रीय खजाने को मजबूत करना है। शाह ने सहकारी समितियों के बीच सहयोग पर जोर दिया और वित्तीय लेनदेन को सहकारी क्षेत्र से रखने का आग्रह किया। उन्होंने गुजरात के बनासकांठा और पंचमहाल जिलों में सफल पायलट प्रोजेक्ट का उदाहरण दिया, जिनमें 785 करोड़ रुपए की राशि जुटाई गई।