अश्लील फोटो
भीलवाड़ा। शहर में हनीट्रेप में लिप्त गिरोह का पुर थाना पुलिस व डीएसटी ने गुरुवार को राज फाश किया। गिरोह के सरगना शेरू माली समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनमें सरगना के खिलाफ जिले में हत्या, अवैध फायर आर्म्स, हत्या का प्रयास, मारपीट सहित कुल 06 प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि पुर थाने में गुरुवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि करीब दो माह पूर्व एक महिला ने अनजान नम्बर से मोबाइल पर कॉल कर कहा कि पंचायत के काम के टेंडर स्वीकृत करने हैं, इसलिए आप सुवाणा आ जाओ, महिला ने कई बार कॉल किए व सुवाणा आने को कहा। इस पर मैं कार लेकर सुवाणा जा रहा था। महिला ने कहा कि टेण्डर के कागजात लेकर मैं रवाना हो गई हूं। आप हाइवे पर ही मिल जाना, जिस पर फुटिया चौराहा पहुंचा।
रिपोर्ट में परिवादी ने बताया कि वहां दो लडकियां मिलीं, जिन्होंने कहा कि यहां रोड पर कागजों पर साइन नहीं होंगे, इसलिए कहीं बैठ कर कागजों पर साइन करवाते हैं. इसके बाद एक लडकी मेरी गाड़ी में बैठ गई व दूसरी अपनी गाड़ी लेकर पीछे-पीछे आने लगी। मैं गाड़ी लेकर सर्विस रोड पर आया तभी अचानक दो मोटरसाइकिल पर चार लड़के आए और मेरी गाडी के आगे मोटरसाइकिल लगा दी। मुझे धमकाया और अभद्रता करते हुए कहा कि तू हमारी बहन को लेकर कहा जा रहा है। वह मारपीट करते हुए मुझे बीच वाली सीट पर डाल दिया। वह लोग मेरे साथ मारपीट करते हुए सुनसान इलाके में पत्थरों की खान में ले गए और मेरे साथ मारपीट की और रुपयों की मांग की।
यहां पर दोनों लड़कियां भी आ गईं। उन्होंने मेरे कपडे खोलकर गाड़ी की सीट पर पटक कर लड़की के साथ मेरे आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बना लिए। उन्होंने वीडियो व फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर मेरे से दस लाख रुपए की मांग की। बदनामी के डर से मैने मेरे मिलने वाले से रुपए मंगवा कर साढ़े पांच लाख रुपए दिए तब मुझे छोड़ा। इसके बाद भी वह आए दिन अलग-अलग नंबरों से कॉल करके धमका रहे हैं तथा साढ़े चार लाख रुपए नहीं देने पर वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष पुलिस गठित टीम की गई। टीम ने आसूचना संकलन, तकनीकी अनुसंधान एवं परम्परागत पुलिसिंग तरीके को अपनाते हुए उक्त घटना कारित करने वाले मुख्य आरोपी कुवाड़ा निवासी शेरू माली, श्रीजी कॉलोनी निवासी निर्मला उर्फ निधि चूण्डावत, बागौर के भावलिया निवासी कैलाश जाट, मंडपिया निवासी पीयूष दमामी एवं दो सौ फीट रोड निवासी नीतू को गिरफ्तार किया। जबकि अन्यों की तलाश की जा रही है।