
पाली। दुर्गाष्टमी पर व्रत व उपवास करने वालों साधकों के साथ श्रद्धालु माता का पूजन कर शीश नवाया गया। घरों व मंदिरों में कन्याओं का पूजन कर भोजन करवाया गया। जिलेभर के माता के मंदिरों में श्रद्धालुओ की भीड़ देखने को मिली। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आराधक हवन कर मां अम्बे से खुशहाली की प्रार्थना की। बोमादड़ा के पास स्थित पुनागर माता की भाखरी पर भरे मेले भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। यहां श्रद्धालु द्वारा माता का पूजन कर मंत्रोच्चार के साथ आयोजित हवन में आहूतियां दी गई। इसी तरह मानपुरा भाखरी स्थित चामुण्डा माता मंदिर, सिंधी कॉलोनी स्थित देवी माता मंदिर, जुना मठ स्थित हिंगलाज माता मंदिर, करणी माता मंदिर, नागा बाबा बगेची, गाजण माता मंदिर, गजानन मार्ग स्थित हिंगलाज माता मंदिर के साथ अन्य मंदिरों में माता का पूजन कर फूलों व आभूषणों से शृंगार किया गया है।
हाट बाजार में उमड़े लोग
पुनागर माता भाखरी पर आयोजित मेले में हाट बाजार सजाया गया। जहां पर विभिन्न व्यंजनों के साथ खिलौनों, सौन्दर्य
प्रसाधनों और सजावटी सामान की अस्थाई दुकानें लगाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में मेलार्थियों की भीड़ देखने को मिली।
वृद्धाश्रम में कन्या पूजन का बताया महत्व
वृद्धाश्रम परिसर में बुधवार सुबह सेवा भारती समिति व सेवा समिति की ओर से 500 कन्याओं का पूजन कर भोजन करवाया गया। सचिव प्रमोद जैथलिया ने बताया कि गीता भवन के संत प्रेमानंद ने श्रद्धालुओं का होमाष्टमी पर कन्या पूजन का महत्व बताते हुए प्रवचन दिए। इस आयोजन के दौरान समिति के संयोजक रमेशचन्द्र शर्मा, विजयराज बम्ब, नरेन्द्र लुकड़, उगमराज सांड, किशोर मणियार व हरवंश दवे आदि मौजूद थे।