पन्ना. मवेशी चराने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद शुक्रवार की रात खूनी रंग में रंग गया। मामले को लेकर पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई, फिर एक पक्ष ने जनपद सदस्य पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। देखते ही देखते विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया। पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है। अभी क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एसपी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कोई बड़ी घटना न हो इसलिए जिले के साथ ही दमोह से भी पुलिस को बुला लिया गया है।
यह रहा घटनाक्रम
बताया जाता है कि सिमरिया कस्बे में शुक्रवार की शाम दो पक्षों के बीच मवेशियों को खेत की फसल चराने को लेकर विवाद हो रहा था। इसी बीच वहां से जनपद सदस्य रामसिंह बुंदेला (40) निवासी महाराजगंज निकले। उन्होंने दोनों पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान मारपीट हो गई। फिर एक पक्ष के लोगों ने जनपद सदस्य रामसिंह पर हमला कर दिया। आरोप है कि इसके बाद जनपद सदस्य रामसिंह वाहन चढ़ा दिया गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के फूल हाथ-पांव
जनपद सदस्य की मौत के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। विवाद उग्र रूप न ले इसलिए मौके पर एसपी समेत तमाम बड़े अधिकारी पहुंच गए। समीपवर्ती जिले दमोह से भी फोर्स बुला ली गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पहुंचीं अस्पताल
मामले की जानकारी लगने के बाद कांगेस जिलाध्यक्ष दिव्यारानी सिंह और संगठन प्रभारी मनीष शार्म भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां घायल मृतक जनपद सदस्य के परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी ली। साथ ही परिजनों को शांति और संयम बरतने की बात कही। पुलिस अधिकारियों से मामले में निष्पक्ष कर्रावाई की बात कही गई।
सात नामजद, तीन गिरफ्तार
एएसपी बीकेएस परिहार ने बताया, शाम ७ बजे बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोपियों ने रामसिंह पर फरसा से हमला कर दिया और गाड़ी चढ़ा दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनकी बाद में मौत हो गई है। घटना में गोलू, गुलफाम, फज्जू, शहीद, फरीद, फाता और तोशी के खिलाफ देर रात थाने में अपराध दर्जकर लिया गया है। उन्होंने बताया, मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष की तलाश की जा रही है।

भारी संख्या में पुलिसबल तैनात
धनतेरस पर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए मार्केट में निकले हुए थे। इससे मार्केट में अच्छी खासी भीड़ थी। शाम करीब सात बजे उक्त विवाद के सामने आने के बाद घटना स्थल के आसपास और अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होने लगे थे। जिसे देखते हुए पुलिस ने तुरंत अधिकारियों को बुला लिया गया था। आनन-फानन में एसपी मयंक अवस्थी और एडिशनल एसपी बीकेएस परिहार मौके पहुंच गए। इसके आलवा स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पन्ना से लाइन पुलिस, सुनवारी, अमानगंज और दमोह की पुलिस को भी बुला बाहर से भी पुलिस बुला ली गई थी। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों में से एक आरोपी जिला बदर का भी आरोप रहा है।
