रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल पैदा कर दी। पार्टी ने छत्तीसगढ़ी फिल्म स्टार और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित अनुज शर्मा को भाजपा की सदस्यता दिलवाई। अनुज शर्मा के साथ पद्मश्री से सम्मानित राधेश्याम बारले और पूर्व आईएएस आपीएस त्यागी भी भाजपा की सदस्यता ले ली है। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में करीब 449 लोग पार्टी में शामिल हुए। गुरुवार को इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, प्रभारी ओम माथूर, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, सांसद सुनील सोनी, पूर्वमंत्री बृजमोहन अग्रवाल और पूर्वमंत्री राजेश मूणत सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे। पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा एवं विकासपरक सोच से प्रभावित होकर आज छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता पद्मश्री अनुज शर्मा, पंथी नृत्य कलाकार पद्मश्री डॉ.राधेश्याम बारले, रिटायर्ड आईएएस आरपीएस त्यागी,पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ता अमर बंसल, पटेल मरार समाज के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र नायक सहित सैकड़ों लोगों ने भाजपा प्रवेश किया है। भाजपा प्रवेश करने वाले सभी साथियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं हैं। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाएंगे और राज्य को पुनः विकास पथ पर आगे बढ़ाएंगे।