
देवरीकलां. ग्राम पंचायत कांसखेड़ा के ग्राम घुघरी में एक किलोमीटर का रास्ता दलदली होने के कारण एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए खटिया पर गांव की सड़क तक ला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही महिला ने एक बच्चे को जन्म दे दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दलदली रास्ते के कारण आदिवासी टोला तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पा रही थी। महिला के पति तेजराम आदिवासी ने बताया कि घुघरी मौजा के आदिवासी टोला में 10-12 परिवार झोपड़ी बनाकर निवास करते हैं। लेकिन घुघरी गांव से आदिवासी टोला को जोड़ने वाला रास्ता दलदली है। रास्ते पर एक दबंग व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिया है। जिससे अब पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। यहां वाहन नहीं पहुंच पाते। आदिवासी टोला निवासी तेजराम ठाकुर ने बताया कि पत्नी माया को डिलीवरी के लिए अस्पताल लाने के लिए खटिया पर रखकर निकले कीचड़ भरे रास्ते से आधा किलोमीटर पहुंचने पर रास्ते में ही शाम 6 बजे डिलीवरी हो गई।