सागर. भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकारें संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही हैं। गुजरात की एक अदालत ने हमारे नेता राहुल गांधी जो एक मामले में दो साल की सजा सुनाई है वह भी इसी प्रयास का हिस्सा है। मुख्यमंत्री इतनी घोषणाएं कर चुके हैं कि उन्हें स्वयं ही याद नहीं रहता कि जो घोषणा वे कर रहे हैं पहले भी की जा चुकी है। प्रदेश में बेरोजगारी, मंहगाई से हर वर्ग परेशान है। कानून व्यवस्था भी बदतर है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 6999 से ज्यादा बेरोजगारों ने जान दी है।
यह बात गुरुवार को सिविल लाइन क्षेत्र में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश नायक ने कही। वे गुरुवार को दौरे पर सागर पहुंचे थे। उन्होंने 25 मार्च को खुरई में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह की सभा की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। इस मौके पर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष आनंद अहिरवार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी, पूर्व विधायक सुनील जैन, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे, आशीष ज्योतिषी, मुकुल पुरोहित ओर सुरेन्द्र चौबे मौजूद रहे।
राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश नायक ने चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने ढपोरशंख की कहानी सुनाते हुए सीएम की घोषणाओं पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवा नीति घोषित कर रही है लेकिन इस सरकार के 18 वर्ष में सबसे ज्यादा उपेक्षा इसी वर्ग की हुई है। प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से 75 लाख युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुई है। बेरोजगारों से 10 वर्ष में 1046 करोड़ रुपए फीस के रूप में वसूल किए गए। रोजगार कार्यालयों में 37.80 लाख शिक्षिक एवं 1.12 लाख अशिक्षित बेरोजगार दर्ज हैं लेकिन सरकार तीन वर्ष में केवल 21 लोगों को ही रोजगार दे सकी है।राष्ट्रीय प्रवक्ता ने प्रदेश की भाजपा सरकारपर विफलता के आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2004 से 2021 के बीच 10298 विद्यार्थियों और 6999 बेरोजगार युवाओं ने आत्महत्या की है। लाड़ली बहना योजना के नाम पर जो झांसा प्रदेश की महिलाओं को दिया जा रहा है वह छलावा है। कांग्रेस के सरकार हिमाचल प्रदेश में पहले से ही महिलाओं को 1500 रुपए दे रही है। वहीं राजस्थान में गैस सिलेण्डर 500 रुपए में उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान किया गया है।