सतना. सतरंगी रोशनी व ओस की बूंदों की बीच पटाखों की विस्फोटक आवाज और धू-धूकर जलता रावण का विशालकाय पुतला…। यह नजारा था जवाहर नगर स्थित दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम में मंगलवार की शाम आयोजित रावण दहन कार्यक्रम का। रावण दहन से पहले श्रीबिहारी रामलीला समाज के कलाकारों ने रावण वध का सजीव मंचन किया। भगवान राम व उनकी सेना के बीच रावण का युद्ध हुआ। इसमें एक-एक कर लंका के सभी योद्धा मारे गए। अंत में रावण ने मोर्चा संभाला और लक्ष्मण, सुग्रीव व बजरंगबली को परास्त कर भगवान राम को युद्ध के लिए ललकारा। दोनों के बीच काफी समय तक युद्ध हुआ। अंतत: विभीषण की सलाह पर उन्होंने नाभि पर प्रहार कर अहंकार रूपी रावण का अंत कर दिया। इसके बाद जवाहर नगर स्टेडियम में ही रावण के 35 फीट ऊंचे पुतले पर राम ने अग्निबाण से प्रहार किया। रावण दहन के दौरान घंटों गगनभेदी आतिशबाजी होती रही। इस दौरान स्टेडियम में बैठे हजारों लोग पूरे कार्यक्रम के साक्षी बने।
मौजूद रहे ये लोग
कार्यक्रम में सांसद गणेश ङ्क्षसह, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, महापौर ममता पांडेय, ननि अध्यक्ष अनिल जायसवाल, पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी, पूर्व महापौर राजाराम त्रिपाठी, रामदास मिश्रा, चेम्बर अध्यक्ष द्वारिका गुप्ता, पूर्व चेम्बर अध्यक्ष योगेश ताम्रकार, हिंदू पर्व समन्वय समिति के अध्यक्ष राम अवतार चमडिय़ा, डॉ. नरेंद्र त्रिपाठी, उत्तम बनर्जी, भास्कर भट्टाचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, उर्मिला त्रिपाठी, राजेश दुबे सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
सड़क पर पार्किंग, परेशान होते रहे दर्शक
रावण दहन के दौरान जितने लोग स्टेडियम के अंदर थे, उससे दोगुना बाहर परेशान हो रहे थे। इसके लिए वे प्रशासनिक व्यवस्था को दोष देते रहे। कहा कि इतना बड़ा कार्यक्रम था, हजारों लोगों के आने की संभावना थी, इसके बावजूद समुचित व्यवस्था नहीं कराई। कुछ लोगों को स्टेडियम के अंदर वाहन सहित प्रवेश करा दिया, जिस कारण ज्यादातर लोग बाहर रह गए। सड़क पर वाहन पार्क करा देने से आवागमन भी बाधित हो गया।

रावण दहन के बाद नगर भ्रमण को निकले भगवान
रावण दहन के बाद भगवान राम का विजय जुलूस शहर भ्रमण को निकला। जवाहर नगर स्थित दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तिराहा, सिटी कोतवाली, जयस्तंभ चौक, बिहारी चौक, महावीर मार्ग, चौक बाजार, पन्नीलाल चौक, अस्पताल चौक, पुराना नगर निगम तिराहा, पावर हॉउस, हनुमान चौक व लालता चौक होते हुए पुन: बिहारी मंदिर पहुंचा। इस दौरान भक्तों ने जगह-जगह पूजा-अर्चना व महाआरती की। भक्त बैंड-बाजे व डीजे की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे। प्रभु श्रीराम, जानकी, लक्ष्मण व हनुमान के साथ दिव्य रथ पर सवार थे।

व्यापारियों ने की पुष्पवर्षा
व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार कराया। जगह-जगह भंडारे की व्यवस्था थी। जयस्तंभ चौक पर पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी ने परिजनों व समर्थकों के साथ भगवान राम का स्वागत किया। शोभायात्रा में मणिकांत माहेश्वरी, रवींद्र सिंह सेठी, राजेश दुबे, सुरेंद्र शर्मा, राजाराम त्रिपाठी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा, सइद अहमद, सुधीर सिंह तोमर, ऋषि अग्रवाल दीपक अग्रवाल, घनश्याम सोनी, अशोक गुप्ता, संजय शाह, शैलेंद्र दुबे, बृजेन्द्र दुबे, ददोली पांडेय गोविंद त्रिपाठी, अंकित शर्मा, सौरभ त्रिपाठी, पार्थ शुक्ला, शुभांक शुक्ला, शिवांश शुक्ला, अभय त्रिपाठी, मंगलेश्वर मिश्रा, धर्मेश दीपू, आशुतोष दुबे, अशोक खानेचा, श्रेय शुक्ला श्यामलाल गुप्ता, मिठाई लाल चौरसिया, रामप्रताप कुशवाहा, राकेश रैकवार, प्रदीप चौरसिया व अन्य कलाकार मौजूद रहे।
