सीधी। सीधी से रीवा वाया सेमरिया, बघवार, गोविंदगढ़ जाने वाली यात्री बस क्रमांक एमपी 66 पी 0396 शुक्रवार को रामपुर नैकिन थानांतर्गत बाघड़ मोड़ शिकारगंज में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस चालक सहित करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए रामपुर नैकिन अस्पताल लाया गया, जहां चालक व दो महिला यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण रीवा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना अपरान्ह करीब 3.30 बजे की है।
बताया गया कि यात्री बस में करीब डेढ़ दर्जन यात्री सवार थे। बस जैसे ही बाघड़ मोड़ पर पहुंची सामने से अचानक एक ऑटो आ गया, ऑटो को बचाने के चक्कर में बस चालक ने बस को पटरी पर उतार दिया। बारिश के कारण सडक़ के पटरी की मिट्टी गीली होने कारण बस फिसलते हुए सडक़ से नीचे उतरकर पलट गई।
ये यात्री हुए घायल-
घायलों में विभा पिता रामपाल सिंह (17) निवासी अमिलई, रामसखी सिंह (40), प्रीती पटेल (35), अनीता पाल (30), मोहनलाल गुप्ता (64), रोहित मिश्रा (45), कलावती कोल (38), बतसिया कोल (68), प्रीती सिंह (28), आराध्या पाल (3) शामिल हैं।
वर्जन-
अनियंत्रित यात्री बस पलटने से करीब एक दर्जन यात्री घायल हो हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रामपुर नैकिन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, चालक व दो महिला यात्रियों के चोंट गंभीर होने के कारण उन्हें रीवा रेफर किया गया है। चालक के विरूद्ध अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
सुधांशु तिवारी, थाना प्रभारी रामपुर नैकिन