
सिंगरौली. प्रदेश के 55 जिलों में संचालित कॉलेजों में शामिल शासकीय राजनारायण स्मृति स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय का रविवार को पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में उद्घाटन किया गया। राज्य मंत्री ने कॉलेज में कई सुविधाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सुविधाओं में इजाफा किए जाने के साथ ही छात्रावास निर्माण कराने सहित अन्य निर्देश भी दिया। मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन करने के बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि प्रदेश के उच्च शिक्षा के इतिहास में आज का दिन ऐतिहासिक बन गया है। उन्होंने कॉलेज आफ एक्सीलेंस में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जिक्र करते हुए प्राचार्य डॉ. एमयू सिद्दीकी से कहा कि वे एक ब्वायॅज व एक गर्ल्स हॉस्टल भी तैयार कराएं।
इसके लिए उन्होंने प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि संगीत विषय की पढ़ाई शुरू होने पर वे सारे उपकरण विधायक निधि से उपलब्ध कराएंगी। इस दौरान सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह व कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने भी कॉलेज में सुविधाओं का जिक्र किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व प्राध्यापक सहित छात्र-छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं के लिए शुरू हुई बस
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के उद्घाटन के मौके पर छात्र-छात्राओं के लिए शुरू हुई बस सेवा का भी उद्घाटन किया गया। बस सेवा से छात्र-छात्राएं कम किराए में यात्रा कर सकेंगी। जल्द ही कई और बसों के संचालन की योजना है।
पुस्तक केंद्र का भी उद्घाटन हुआ
जनप्रतिनिधियों ने हिन्दी ग्रंथ अकादमी की ओर से शुरू किए गए पुस्तक केंद्र का भी उद्घाटन किया। प्राचार्य डॉ. एमयू सिद्दीकी ने बताया कि यहां से कॉलेज की छात्र-छात्राओं को रियायत दर पर किताब मुहैया हो सकेगी।
कॉलेज में शुरू हुए छह नए विषय
पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में छह नए विषयों में पढ़ाई शुरू होगी। कॉलेज में अब इतिहास, भूगोल, संस्कृत, संगीत, बायोटेक्नोलॉजी व कंप्यूटर साइंस विषय में पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। संगीत के उपकरण राज्य मंत्री देंगी।
ये सुविधाएं भी
– कॉलेज के सभी पदों पर नियमित प्राध्यापक पदस्थ होंगे।
– कंप्यूटर लैब वाला पहला कॉलेज बना है ये कॉलेज।
– भारतीय ज्ञान व परंपरा को लेकर केंद्र होगा संचालित।
– कॉलेज में लैग्वेज लैब व प्रयोगशालाएं होंगी अपडेट।
– कॉलेज को गनियारी में जल्द ही मिलेगा नया भवन।