26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिंगरौली
भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष ने कार से पीछाकर युवक को मारी गोली, मौत
Play video

भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष ने कार से पीछाकर युवक को मारी गोली, मौत

150 किमी दूर भाग गया था रीवा, लौटा तो चढ़ा हत्थे, आरोपी को भेजा जेल

Google source verification

सिंगरौली. चितरंगी थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक को भाजपा युवा मोर्चा के मौहरिया मंडल अध्यक्ष ने कार से कई किमी पीछा कर लायसेंसी पिस्टल से गोली मारी थी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी 150 किमी दूर रीवा भाग गया था। वहां से देर रात वापस लौटा तो चितरंगी थाना से 500 मीटर दूर अस्पताल चौराहे पर पहुंचा तो पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

शनिवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात का रविवार को एसपी निवेदिता गुप्ता ने खुलासा किया। बताया कि दुरदुरा निवासी लाले बंसल पिता गुनीलाल बंसल (23) की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एसडीओपी आशीष जैन के नेतृत्व में तीन टीम गठित की गई थी। एक टीम को घटनास्थल पर रोका गया। दूसरी टीम को चितरंगी-सीधी मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगा दिया गया।

वहीं तीसरी टीम को संदेहियों की पतासाजी के लिए रवाना किया गया। तीनों टीमों के सतत समन्वय से आरोपी अभिषेक पाण्डेय पिता अनिल पाण्डेय (30) निवासी कुल्हइयां थाना गढ़वा को अस्पताल तिराहा चितरंगी से पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने गोली मारकर युवक की हत्या करने का जुर्म कबूल किया। हत्या के आरोपी भाजयुमो नेता से पुलिस ने 32 बोर की लायसेंसी पिस्टल सहित चार पहिया वाहन जब्त किया है।

आरोपी ने पुलिस को यह बताई कहानी

हत्या के आरोपी भाजपा युवा मोर्चा मौहरिया के अध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय ने पूछताछ में बताया कि शनिवार सुबह सात बजे कार (एमपी 66 जेडसी 6675) से अपने भाई को लेने रीवा जा रहा था। आरोपी ने अपने पास 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल ली थी जिसकी मैगजीन में 8 कारतूस भरा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि रीवा जाने के दौरान गिरछांदा पेट्रोल पंप से लगभग डेढ़ किमी आगे सडक़ पर एक लडक़ा घायल अवस्था में पड़ा था। वहीं पास में एक लडक़ा अपनी बाइक लेकर खड़ा था। रोड पर पड़े घायल लडक़े को रोककर जब वह उसका हाल पूछने गया तो पास में खड़ालडक़ा बाइक से भागने लगा।

गोली लगने के बाद भी दो किमी भागा था युवक

बाइक से भाग रहे युवक का आरोपी ने कार से पीछा किया लेकिन जब वह नहीं रुका तो अपनी लायसेंसी पिस्टल से हवाई फायर कर दिया। इसके बाद भी युवक ने बाइक नहीं रोकी तो फिर गोली मारने की धमकी दी। जब वह नहीं रुका तो उसने उसकी पीठ में गोली मार दी। फिर भी घायल अवस्था में युवक बाइक चलाते हुए तेंदुहा की ओर भागा। पीठ में गोली लगने के बाद युवक बाइक से करीब दो किमी भागा और सडक़ पर गिरकर दम तोड़ दिया। आरोपी को यह मालूम हुआ कि युवक को गोली लगी है तब वह रीवा गया और फिर वहां से वापस आया तो चितरंगीटीआइ शेषमणि पटेल सहित पुलिस टीम ने चितरंगी में अस्पताल तिराहा पर दबोच लिया।

लायसेंस जारी होने पर सवाल

आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद सिंगल रोड होने के बाद भाग निकला। 150 किमी दूर रीवा पहुंचा और वहां से वापस आया तो चितरंगी में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मृतक दुरदुरा सरपंच का भाई था। पीडि़त के परिजनों ने कहा कि मामूली बात पर गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी भाजयुमो मंडल अध्यक्ष को पिछले माह जून में ही पिस्टल का लायसेंस मिला था। पिस्टल के लायसेंस की कड़ी प्रक्रिया होती है, इसके बाद आरोपी को लायसेंस जारी करने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों ने कहा कि ऐसी प्रवृति के लोगों को लाइसेंस जारी करना अपराध को बढ़ावा देना है। घटना के बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष की ओर से मंडल अध्यक्ष को पूर्व में पार्टी से निष्कासित किए जाने का पत्र जारी किया गया है।