15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिरोही

VIDEO प्रभारी मंत्री ने जिस कक्ष में बैठकर भाई-चारे और समानता का संदेश दिया, वहां ही दिखा भेदभाव

- ये कैसी समानता....एक टेबल पर बैठकर मंत्री, विधायक और अफसरों ने खाए काजू-बादाम और सामने वालों को परोसे बिस्किट-वेफर्ससिरोही

Google source verification

सिरोही. प्रदेश में हाल ही में हुए दंगों के सिलसिले में प्रभारी मंत्री महेन्द्र चौधरी ने शुक्रवार को यहां आत्मा सभागार में भाजपा पर निशाना साधते हुए पत्रकारों के समक्ष दावा किया कि कांग्रेस भाईचारे का संदेश देने में और समानता का पाठ पढ़ाने में विश्वास करती है। ठीक उसी समय वहां उनके व पत्रकारों के लिए आई नाश्ते की अलग-अलग प्लेटों ने न सिर्फ उनके दावों की पोल खोल कर रख दी वरन् ‘खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे, वाली कहावत भी चरितार्थ कर दी। पत्रकारों ने भी मौके की नजाकत को देखते हुए तंज कसने में कोई चूक नहीं की।

सब एक-दूसरे का मुंह देखते रह गए, कोई जवाब नहीं

प्रभारी मंत्री से सवाल पूछा कि आप कैसी समानता की बात कर रहे हैं। आप जिस कक्ष में मीडिया से बातचीत कर रहे हैं, इसमें ही समानता नहीं दिख रही है। दरअसल उनका इशारा उसी वक्त आई नाश्ते की प्लेटों की ओर था। जिसमें प्रभारी मंत्री महेन्द्र चौधरी, विधायक संयम लोढ़ा, प्रभारी सचिव पी किशन, जिला कलक्टर डॉ. भंवर लाल के लिए आई प्लेटों में काजू-बादाम-वेफर्स-बिस्किट थे जबकि सामने बैठे अन्य सभी की प्लेटों में सिर्फ बिस्किट-वेफर्स थे। नाश्ते की प्लेटें सामने आने पर पत्रिका संवाददाता ने समानता की बात को लेकर तंज कसने में कोई चूक नहीं की। उन्होंने कहा कि एक टेबल पर बैठे हो फिर भी आप तो काजू, बादाम, वेफर्स व बिस्किट खा रहे हो, जबकि अन्य के लिए वेफर्स व बिस्किट क्यों? यह कैसी समानता है? इतना कहते ही सब एक-दूसरे का मुंह देखते रह गए। कुछ पल के लिए कक्ष में सन्नाटा पसर गया। किसी के पास कोई जवाब नहीं था। हाथ में पकड़े काजू-बादाम हाथ में ही रह गए। खा भी नहीं पाए।
बीजेपी के नौ नेता तो सिर्फ मुख्यमंत्री बनने को दौड़ रहे

दरअसल प्रेस कान्फे्रन्स में प्रभारी मंत्री ने प्रदेश में हाल ही में करौली, जोधपुर, भीलवाड़ा में हुए दंगों को लेकर भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अशांति फैलाने का काम करती है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सवाई माधोपुर दौरे के दौरान जो मैसेज दिया, उसके बाद करौली में दंगा भड़क गया। भाजपा जहर घोलने का काम कर रही है। दरअसल भाजपा में इस बार मुख्यमंत्री बनने की दौड़ लगी हुई है। उन्होंने दौड़ में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, राजेन्द्रसिंह राठौर समेत नौ नेताओं के नाम गिनाए। ये सभी मुख्यमंत्री बनने के लिए दौड़ रहे हैं।