
सीधी। पुत्री का उपचार कराकर वापस लौट रहे बाइक सवार दंपत्ति को सीमेंट से लोड ट्रक ने टक्कर मार दिया, जिससे बाइक सवार महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई7 वहीं ढाई वर्षीय मासूम को चोँट आई, जिसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमिलिया में भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए ग्रामीणो ने महिला के शव को सडक़ पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे बाद एसडीओपी चुरहट की समझाइस के बाद आंदोलन समाप्त हुआ। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे की है।
बताया गया कि अमिलिया थाना अंतर्गत कोरौली खुर्द गांव निवासी सुनील साकेत अपनी पत्नी कल्पना साकेत के साथ ढाई साल की पुत्री को लेकर अमिलिया स्वास्थ्य केंद्र गए थे, जहां से उपचार करवाकर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में डिहुली गांव के पास सामने से आ रहा सीमेंट से लोड़ ट्रक चालक ने टक्कर मार दिया। जिससे घटना स्थल पर ही कल्पना साकेत पति सुनील साकेत (28) की मौत हो गई। जबकि ढाई साल की बच्ची को चोंट आने पर उपचार के लिए अमिलिया ले जाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग को लेकर चक्काजाम-
घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को खड़ा कर भाग खड़ा हुआ। घटना से गुस्साए ग्रामीणों द्वारा शव को सडक़ पर रखकर चक्काजाम आंदोलन शुरू कर दिए। जिससे आवागमन दोनों तरफ का बंद हो गया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पर आकर सहायता राशि देने की घोषणा करें, तब चक्काजाम आंदोलन समाप्त किया जाएगा। चक्काजाम की सूचना मिलने पर अमिलिया थाना व सिहावल चौकी पुलिस बल स्थल पर पहुंचकर समझाइस में लगे रहे। किंतु ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हुए। अंतत: वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेद मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिए, तब जाकर करीब दो घंटे बाद आंदोलन समाप्त हुआ व आवागमन बहाल हुआ। चक्काजाम समाप्त हो जाने के बाद शव को सिहावल मर्चुरी केंद्र भेजकर पीएम करवाया गया।
यात्रियों को झेलनी पड़ी समस्या-
अमिलिया-बहरी मार्ग में सोन नदी जोगदहा पुल जर्जर होने के कारण भारी वाहनो का प्रवेश निषेध है। जिससे सीधी की तरफ आने-जाने के लिए अमिलिया-सोनवर्षा एक मात्र मार्ग ही विकल्प है। चक्काजाम होने के कारण सीधी जाने व अमिलिया की तरफ आने वाले यात्रियों को खासी फजीहत का सामना करना पड़ा।
पिकअप वाहन की टक्कर से एक की मौत, एक घायल-
सिहावल क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे शिवकुमार बंसल पिता कैलाश (20) निवासी रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अजय बंसल पिता श्रीलाल बंसल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिहावल-अमिलिया मार्ग पर बमुरी गांव के पास हुआ। घायल अजय का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।