
Jaipur Weather : जयपुर में झमाझम बारिश। फोटो पत्रिका
Weather Update : राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज अचानक मौसम बदल गया। सुबह से सूरज और बादल की लुकाछुपी में आखिरकार दोपहर 2 बजे बादल बरस गए। जयपुर में झूम कर तेज बारिश हुई। इस बारिश से जनता खुशी से झूम उठी। सावन के आखिर सोमवार की विदाई झमाझम बारिश से हुई। मौसम विभाग का नया अपडेट है कि पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना।
मौसम विभाग ने सोमवार 24 अगस्त के लिए जयपुर सहित कई संभागों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया था। राजधानी जयपुर के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश हुई। जिससे कुछ हद तक उमस से राहत मिली। हालांकि सड़कों पर जलभराव होने से यातायात पर असर पड़ा और राहगीर, वाहन चालकों को परेशानी हुई। जयपुर के सीकर रोड, एयरपोर्ट क्षेत्र, अजमेर पुलिया, मोती डूंगरी रोड, मालवीय नगर, झालाना सहित कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश के बाद कई जगह सड़कों पर पानी भर गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में राजस्थान के पूर्वी भागों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई। 4-5 स्थानों पर भारी बरसात भी दर्ज की गई है। सर्वाधिक बरसात कुम्हेर में 95 एमएम दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 25 और 26 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने और कहीं-कहीं भारी बारिश होने का भी अलर्ट जारी किया है। उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। IMD के दैनिक वर्षा पूर्वानुमान में 25 से 30 अगस्त तक जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर संभाग में कहीं कहीं बरसात होने की संभावना जताई है।
IMD के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तरी उड़ीसा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के ऊपर अवस्थित है। मानसून ट्रफ लाइन अमृतसर, निजामाबाद और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री से. तक दर्ज होने की प्रबल संभावना जताई है।
वहीं सोमवार 24 अगस्त को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। चूरू में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बीकानेर का अधिकतम तापमान 37.8, पिलानी का अधिकतम तापमान 37.7 और फतेहपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Updated on:
24 Aug 2026 09:06 pm
Published on:
24 Aug 2026 09:05 pm
