
करवर. क्षेत्र की जरखोदा पंचायत से रोठेदा की ओर बनी डामर सड़क पहली बरसात में ही उखड़ गई है। सड़क से डामर गायब हो गया तथा डामर के नीचे बिछी गिट्टी व मिट्टी बाहर आ गई। मानसून की पहली बरसात ने ही सड़क निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोल दी।
जानकारी अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत जरखोदा-रोठेदा-गुढ़ादेवजी की करीब 11 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए करीब 6 करोड़ 24 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी, जिसके बाद गत वर्ष अगस्त माह में सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जो चालू वर्ष के मई माह में पूरा हुआ है। लेकिन पहली बरसात में ही सड़क की गुणवत्ता की पोल खुल गई। जबकि फिलहाल भारी बरसात भी नहीं हुई है। सड़क बीचों बीच से धंस गई है। सड़क के डामर के नीचे बिछी गिट्टी व मिट्टी बाहर आ गई है। सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबी मांग के बाद इस मार्ग पर डामरीकरण सड़क का निर्माण कार्य हुआ है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की ओर से सड़क के निर्माण के दौरान ध्यान नहीं देने से सड़क जर्जर हालत में है।
61 करोड़ की राशि से बन रही सड़क, आई दरारें
देई से खजूरी-करवर होते हुए इंद्रगढ़ तक 28.5 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए करीब 61 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। गत वर्ष अक्टूबर माह में सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया था, जिसमे कई जगह पुलिया व सीसी सड़क का कार्य करीब करीब पूरा होने वाला है। हालांकि सड़क का पूरा निर्माण कार्य होने में करीब 15 माह की समय सीमा है। करवर से कल्याणीखेड़ा बालाजी की पहली पुलिया तक बने सीसी सड़क में कुछ जगह दरारें आ गई है। जबकि सीसी सड़क को बने अभी एक माह ही हुआ है। ऐसे में लोगो ने सीसी सड़क को गुणवत्ता पूर्ण नही बनाने को लेकर आरोप लगाए है। उनका कहना है कि सड़क पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सीसी सड़क की दरारें बढ़ने व दरारों से एक हिस्से के धंस जाने की संभावना बन गई है।
मरम्मत कार्य कराया जाएगा
जरखोदा व रोठेदा के बीच बनी डामरीकरण सड़क के क्षतिग्रस्त होने तथा करवर से बालाजी के समीप तक बनी सीसी सड़क पर दरारें आने का मामला सामने आया है। दोनों ही सड़को के संवेदकों को अवगत करा दिया है। जल्द ही सड़क का मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
ओमप्रकाश गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग