सागर. आत्मनिर्भर उद्यमी महिलाओं के उत्पादों की जानकारी आमजन से लेकर बड़े व्यापारियों तक पहुंच सके इसके लिए विभिन्न सामाजिक संगठन काम कर रहे हैं। संगठनों द्वारा उद्यमी महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है और आनंद मेला भी लगाया जा रहा है, जहां महिलाएं अपने उत्पादों की ब्रांडिंग भी कर रही हैं। हाल में ही केशरवानी वैश्य महिला सभा के द्वारा यह पहल की गई है। मेले में सभी वैश्य वर्ग की महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन सदर स्थित धर्मशाला में किया गया था।
मेले में हाथ से बनी भगवान की सुंदर पोषाक, हेयर एसेसरीज, संक्रांति के लिए तिल के पकवान, केक, घर की सजावट आदि सामान के स्टॉल गए। करीब 3 घंटे चले मेले में महिलाओं को हजारों रुपए का रोजगार मिला। संरक्षक डॉ. वंदना गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष विनीता केशरवानी ने बताया कि यह पहली शुरूआत है। अब घर पर ऐसे ही काम करने वाली महिलाओं की हम जानकारी जुटाएंगे। साथ ही इन महिलाओं को व्यापारियों से जोड़ेगे। केशरवानी महिला सभा अध्यक्ष प्रीति केशरवानी, रुकमणी और संध्या केशरवानी ने बताया कि 20 अधिख महिलाओं ने यहां स्टॉल लगाए। उन्होंने बताया कि मेले में अलका केशरवानी, लक्ष्मी, जागृति, स्वाति, नमिता , नीतू, नीलू, माया आदि का सहयोग रहा।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने जुटा रहे जानकारी
अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल ने बताया कि 12 से 14 जनवरी तक आयोजित परिचय सम्मेलन में ऐसी महिलाओं की भी जानकारी जुटाई जाएगी, जो घर पर ही रोजगार के लिए कार्य कर रही हैं। सीमा ने बताया कि समाज की कई महिलाएं घर पर ही पापड़, बरी, कुकिज, डिजाइनर साड़ी आदि बना रही हैं। ऐसी महिलाओं को रोजगार देने के लिए जल्द मेला लगाया जाएगा।
सर्वे कराकर रोजगार से जोड़ेगे
सर्व स्र्वणकार महिला मण्डल की जिला अध्यक्ष नंदनी सोनी ने बताया कि मकर संक्रांति के बाद बैठक आयोजित की गई है। समाज द्वारा भी महिलाओं को रोजगार देने के लिए मेला लगाने पर विचार किया जा रहा है। नंदनी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से हम सर्वे भी करेंगे कि कितनी महिलाएं कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि समाज की कई महिलाओं ने आत्मनिर्भर बनने के लिए घर पर कार्य शुरू किए हैं।