14 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खेल
मंधाना बोलीं- रायपुर होगा हमारे लिए लकी…हर मैच जीतना लक्ष्य…
Play video

मंधाना बोलीं- रायपुर होगा हमारे लिए लकी…हर मैच जीतना लक्ष्य…

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना आगामी सीरीज में जीत के इरादे से मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि टीम का लक्ष्य हर मैच जीतना है, लेकिन इसके लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में लगातार सुधार करना होगा। रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंधाना ने टीम की तैयारियों, युवा खिलाड़ियों की भूमिका, बल्लेबाजी क्रम और 2028 टी-20 विश्व कप की तैयारियों को लेकर अपनी बात रखी।
Google source verification

रायपुर

•

image

GOVINDRAM THAKRE

•

image

denesh kumar

•

Oct 14, 2026

रायपुर में भारतीय टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने बताई अपनी टीम की तैयारी

कप्तान बोलीं-युवा खिलाड़ियों पर भरोसा, टीम के सभी 15 खिलाड़ी मैच जिताने में सक्षम

रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना आगामी सीरीज में जीत के इरादे से मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि टीम का लक्ष्य हर मैच जीतना है, लेकिन इसके लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में लगातार सुधार करना होगा। रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंधाना ने टीम की तैयारियों, युवा खिलाड़ियों की भूमिका, बल्लेबाजी क्रम और 2028 टी-20 विश्व कप की तैयारियों को लेकर अपनी बात रखी।

सवाल: आगामी सीरीज के लिए टीम की तैयारी कैसी है? क्या लक्ष्य सभी मैच जीतना है?

स्मृति मंधाना: पिछले डेढ़ साल में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हमारी कोशिश है कि हम इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाएं और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ दें। किसी भी टीम के लिए यह जरूरी है कि वह खुद को परिपूर्ण न माने। हमें हमेशा लगता है कि कुछ न कुछ सुधार की गुंजाइश रहती है। हमारी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में जहां भी सुधार की जरूरत है, हम उस पर काम कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य हर मैच जीतना और टीम के रूप में बेहतर प्रदर्शन करना है।

सवाल:जेमिमारोड्रिग्स की चोट के बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए टीम के पास क्या विकल्प हैं?

स्मृति मंधाना: हमारे पास कई अच्छे विकल्प हैं। युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। अनुष्का, निक्की और कोमलिका जैसी खिलाड़ी टीम के लिए विकल्प हैं। हमें उम्मीद है कि जिन्हें भी मौका मिलेगा, वे उसका अच्छा इस्तेमाल करेंगी और टीम की सफलता में योगदान देंगी। टीम में प्रतिभा की कमी नहीं है और हमें खिलाड़ियों पर भरोसा रखना होगा।

सवाल: पिछले दो टी-20 विश्व कप में टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई। 2028 टी-20 विश्व कप को देखते हुए किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है?

स्मृति मंधाना: हमें हर विभाग में सुधार करने की जरूरत है। फिटनेस, फील्डिंग, बल्लेबाजी और गेंदबाजी में छोटे-छोटे सुधार भी बड़े परिणाम ला सकते हैं। हमारी टीम की खिलाड़ी इन बातों को समझती हैं और लगातार मेहनत कर रही हैं। हम एक युवा और उत्साही टीम हैं। सभी खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी समझती हैं और हमारा प्रयास है कि हम आने वाले बड़े टूर्नामेंट के लिए खुद को बेहतर तरीके से तैयार करें।

सवाल: रायपुर की पिच और मौसम को लेकर आपका क्या आकलन है? क्या बल्लेबाजों को यहां मदद मिलेगी?

स्मृति मंधाना: यहां का मौसम अब तक अच्छा रहा है और पिच भी बल्लेबाजी के अनुकूल दिखाई दे रही है। हालांकि, मैच के दौरान परिस्थितियों को समझना और उसी के अनुसार रणनीति बनाना जरूरी होगा। हमारी कोशिश आक्रामक क्रिकेट खेलने की रहेगी। वहीं, गेंदबाजों का लक्ष्य विपक्षी टीम को कम से कम स्कोर पर रोकना होगा।

सवाल: भारतीय टीम की कप्तानी संभालना आपके लिए कितना अलग अनुभव है?

स्मृति मंधाना: मैं पिछले कई वर्षों से उपकप्तान के रूप में टीम के नेतृत्व समूह का हिस्सा रही हूं। इसलिए नेतृत्व की जिम्मेदारी मेरे लिए पूरी तरह नई नहीं है। हालांकि, भारतीय टीम की कप्तानी करना एक बड़ी जिम्मेदारी है। मेरी कोशिश रहेगी कि मैं टीम की उम्मीदों पर खरी उतरूं और सभी खिलाड़ियों को साथ लेकर चलूं।

सवाल: सीरीज से पहले टीम की रणनीति और खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को लेकर क्या कहेंगी?

स्मृति मंधाना: क्रिकेट में पहले से नतीजों के बारे में कुछ कहना आसान नहीं होता। मैदान पर परिस्थितियां बदलती रहती हैं और उसी के अनुसार खेलना पड़ता है। हमारी तैयारी अच्छी रही है और सभी खिलाड़ी सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं। हम हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे।

सवाल: टीम में आपकी नजर में सबसे अहम खिलाड़ी कौन हैं? क्या कुछ खिलाड़ियों पर ज्यादा जिम्मेदारी रहेगी?

स्मृति मंधाना: हमारी टीम के सभी 15 खिलाड़ी महत्वपूर्ण हैं। हर खिलाड़ी में मैच जिताने की क्षमता है। क्रिकेट एक टीम गेम है और किसी एक खिलाड़ी के भरोसे मैच नहीं जीता जा सकता। हमारी कोशिश रहेगी कि सभी खिलाड़ी अपनी भूमिका अच्छी तरह निभाएं और जरूरत के समय टीम के लिए योगदान दें।