श्रीगंगानगर. गर्मी से तप रहे इलाके में शनिवार शाम आंधी के साथ हुई हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। गर्मी से परेशान लोगों को आंधी के साथ बही ठंडी हवा से राहत मिली, वहीं तापमान में भी मामूली गिरावट आई। धूप के तेवर सुबह से ही तीखे थे। इसके प्रकोप से बचने के लिए लोग घरों में दुबके रहे। दोपहर बाद आसमान पर बादल छाए तो धूप-छांव का खेल शुरू हो गया। शाम साढ़े चार बजे के आसपास पूर्व दिशा से आई आंधी से आसमान में धूल का गुबार छा गया। हवा में ठंडक होने से लोागों ने राहत महसूस की। श्रीगंगानगर शहर के पश्चिमी हिस्से में हल्की बारिश हुई, वही पूर्वी हिस्सा सूखा रहा।
इसी तरह जिलेभर में अधिकांश स्थानों पर आंधी आई। आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घरों-दुकानों में मिट्टी भरने से लोगों को साफ-सफाई में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाजारों में ग्राहकी ठप हो गई। लोग मौसम बिगड़ता देख अपने घरों को लौट गए। कई जगह से बूंदाबांदी के समाचार भी हैं।