
आरोपी मनदीप सिंह, निल कस्वां और नवीन कुमार (फोटो- पत्रिका)
SriGanganagar Crime: श्रीगंगानगर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक विदेशी ग्लॉक पिस्टल सहित तीन अवैध पिस्तौल, 22 जिंदा कारतूस और दो अतिरिक्त मैगजीन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले में निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मटीलीराठान, जवाहरनगर और पुरानी आबादी थाना पुलिस ने जिला विशेष टीम (डीएसटी) और साइबर सेल के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और विशाल पचार गैंग से जुड़े होने के तथ्य सामने आए हैं। आरोपी रंगदारी की वसूली गई राशि को गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे थे।
एसपी के अनुसार, मटीलीराठान थाना पुलिस ने गांव 15 जेड स्थित हनुमान मंदिर के पास से आरोपी अनिल कस्वां (34) निवासी 16 बीएनडब्ल्यू सिहागावाली को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, जवाहरनगर थाना पुलिस ने आरोपी नवीन कुमार (27) निवासी 71 एनपी, समेजा कोठी को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध पिस्तौल, तीन मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इधर, पुरानी आबादी थाना पुलिस ने मिर्जेवाला फाटक, करणपुर रोड से आरोपी अमनदीप सिंह (31) निवासी रवि चौक, पुरानी आबादी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक विदेशी ग्लॉक पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संयुक्त कार्रवाई में जिला विशेष टीम प्रभारी जयकुमार भादू, एएसआई सुरेंद्र ज्याणी तथा साइबर सेल के कांस्टेबल पवन लिंबा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार आरोपी नवीन कुमार को लेकर पुलिस जांच में सनसनीखेज तथ्य सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, समेजा कोठी क्षेत्र के चक 71 एनपी निवासी नवीन कुमार कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के शूटर ‘झींझा’ का करीबी सहयोगी है। झींझा वही शूटर बताया जा रहा है, जिसने मुंबई में अभिनेता सलमान खान के आवास पर फायरिंग की थी।
यह शूटर झींझा नवीन कुमार की शादी में भी 71 एनपी आया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नवीन कुमार पूर्व में ऑनलाइन ठगी के ‘डेको डैम’ नेटवर्क का संचालन करता था। इस दौरान उसने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित कई जिलों में लोगों को एक हजार रुपए के बदले दो हजार रुपए लौटाने का लालच देकर भारी ठगी की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की थाईलैंड, मलेशिया और दुबई में लगातार आवाजाही रही है। जांच एजेंसियों को ऐसे पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि विदेशी दौरों के दौरान वह गैंगस्टर नेटवर्क से संपर्क कर आपराधिक योजनाएं तैयार करता था। नवीन कुमार की मोटी रकम दुबई में निवेश किए जाने की बात सामने आई है, जिसकी वित्तीय जांच की जा रही है।
ग्लॉक पिस्टल ऑस्ट्रिया की प्रसिद्ध कंपनी ग्लॉक गन कंपनी की ओर से निर्मित की जाती है। इसके विभिन्न वेरिएंट दुनिया भर में प्रचलित हैं। यह हथियार भारत में आम नागरिकों के लिए प्रतिबंधित है।
इसकी मैगजीन क्षमता वेरिएंट के अनुसार, 15 से 33 राउंड तक हो सकती है। ग्लॉक पिस्टल अपराधियों तक पहुंच गई है। इलाके में ग्लॉक पिस्टल रखने के आरोप में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
गिरफ्तार आरोपियों की गैंगस्टर विशाल पचार और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय गुर्गों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम तथा अन्य मोबाइल एप के माध्यम से नियमित बातचीत होती थी। जिला पुलिस की साइबर सेल ने इन डिजिटल संपर्कों की पहले गोपनीय निगरानी की। इसके बाद लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों की पुष्टि की गई, जिसके बाद संबंधित थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया।
सूत्रों के अनुसार, इंस्टाग्राम पर आरोपियों से जुड़े वीडियो और फोटो भी सामने आए हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के नेटवर्क, हथियार सप्लाई और रंगदारी वसूली से जुड़े लिंक की पड़ताल कर रही है।
Published on:
16 Jan 2026 01:37 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
