No video available
श्रीगंगानगर. जयश्रीराम के भजनों पर मस्ती की धूम और एक ही नारा एक ही नाम जयश्री राम जयश्री राम…, सियावर रामचन्द्र की जय…जैसे उद्घोष से रविवार को शहर अयोध्या के राजा प्रभु राम की भक्ति में लीन हो गया। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में निकाली शोभायात्रा में मानो पूरा शहर उमड़ पड़ा। हर व्यक्ति के मुख पर एक ही स्वर था जय श्रीराम, जयश्रीराम…। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं, युवा व युवतियां सभी भगवा ध्वज लहराते हुए भगवान राम के जन्मोत्सव रामनवमी पर रघुवीर के साथ बालाजी महाराज का गुणगान करते व नृत्य करते चले। बुजुर्ग रामचन्द्र खुराना ने बालाजी महाराज का स्वरूप धरकर जयश्रीराम के जयघोष लगाए तो हर कोई उनके संग सेल्फी लेने को आतुर हुआ। रामनवमी पर रविवार को निकली भगवान राम की शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग, युवा और बच्चे धूप और गर्मी की परवाह नहीं करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। सर्वसमाज की भागीदारी शोभायात्रा में देखने को मिली। शोभायात्रा जहां से भी निकली, पुष्प वर्षा के साथ स्वागत हुआ। शोभायात्रा अपरान्ह साढ़े तीन बजे शिव सर्किल के पास बालाजी स्क्वायर से रवाना हुई। उस समय तेज धूप के कारण काफी गर्मी थी। इसके बावजूद हजारों की संख्या में रामभक्त धूप और गर्मी की परवाह नहीं करते हुए उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। घोड़ों पर सवार मातृ शक्ति और दुर्गावाहिनी की महिलाएं हाथों में चमचमाती तलवारें थामें शोभायात्रा में सबसे आगे चल रही थी। उसके बाद सिर पर कलश उठाए महिलाओं का जत्था चल रहा था। आयोजकों ने 2100 कलश की व्यवस्था की थी, लेकिन महिलाओं की संख्या इससे कहीं ज्यादा थी।
जोश के साथ जय श्रीराम
शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों ने कई किलोमीटर का सफर तय किया, लेकिन उनके जोश में कोई कमी नहीं आई। जय श्रीराम का उद्घघोष करते रामभक्त डीजे पर बज रहे भजनों पर नाचते-गाते चले। जहां पर भी शोभायात्रा का स्वागत होता जय श्रीराम के उद्धघोष शुरू हो जाते। कलश लेकर चल रही महिलाओं ने भी साथ दिया। शोभायात्रा में भगवा ध्वजों का नजारा अलग ही था। हजारों की संख्या में लहराते ध्वज अलग छटा बिखेर रहे थे।
झांकियों ने दिया संदेश
शोभायात्रा में शामिल झांकियां अलग-अलग विषय को लेकर थी। हिन्दू जागरण मंच की ओर से लव जिहाद विषय पर बनाई झांकी अपना प्रभाव छोड़ने में सफल रही। इस झांकी को देखने वाले गंभीर हुए बिना नहीं रहे। मंच संयोजक राजीव शर्मा की टीम ने बड़े वाहन पर इस झांकी में वे सब किरदार दिखाकर कोशिश जिसका हर घटना में जिक्र होता है। वहीं शिव लंगर समिति और सनातन धर्म हनुमान मंदिर एल ब्लॉक की अेार से विभिन्न देवी देवताओं की झांकी शामिल थी। इसके साथ साथ रंग-गुलाल उड़ाते शिव गणों ने नाचते-गाते हुए अलग माहौल बनाया। विप्र फाउण्डेशन ने सप्त ऋषियों की झांकी से अध्यात्मक का संदेश दिया। इससे पहले समाजसेवी अशोक चांडक ने एल ब्लॉक िस्थत अपने ऑफिस के आगे इस शोभा यात्रा में शामिल लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था की। वहीं पुष्पवर्षा से स्वागत किया।