6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्री गंगानगर

वरिष्ठ अध्यापक भर्ती: पेपर निरस्त होने से फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा

-21 परीक्षा केंद्रों पर 9048 अभ्यर्थी थे पंजीकृत

Google source verification

वरिष्ठ अध्यापक भर्ती: पेपर निरस्त होने से फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा
-21 परीक्षा केंद्रों पर 9048 अभ्यर्थी थे पंजीकृत

श्रीगंगानगर.कड़ाके की सर्दी में लोक सेवा आयोग अजमेर की ओर से आयोजित वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा में शनिवार सुबह नौ से 11 बजे की पारी में होने वाला सामान्य ज्ञान का पेपर उदयपुर में लीक होने के चलते निरस्त कर दिया गया। पेपर निरस्त होने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पेपर देने आए अभ्यर्थियों में हडक़ंप मच गया। श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर शनिवार सुबह की पारी में 21 केंद्रों पर परीक्षा शुरू हो गई। इनमें 9048 अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। इस हाड कंपाती सर्दी में परीक्षा देने के लिए सुबह सात बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी पहुंचने शुरू हो गए थे। परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों को साढ़े आठ बजे से पहले ही प्रवेश दे दिया गया। हालांकि परीक्षा शुरू होने से पहले ही अभ्यर्थियों से पर्चा वापस ले लिया गया। इस परीक्षा में लगभग 34 हजार 549 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिनके लिए 35 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।

—————————————

विद्यार्थियों को मानसिक रूप से लगा झटका

जिला मुख्यालय की पुरानी आबादी श्रीगंगानगर की भारती सिंगल ने बताया कि परीक्षा निरस्त होने से उन्हें मानसिक आघात लगा है। गणेशगढ़ के हेमंत ने सिस्टम पर सवाल उठाया। अभ्यर्थी पेपर की तैयारी में जी-जान लगाता है और मौके पर आकर पेपर निरस्त हो जाता है। इससे विद्यार्थी मानसिक रूप से परेशान हैं। सरकार को पेपर लीक करने वालों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसके लिए सख्त कानून बनाया जाए ताकि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं हो।

——————————-

अब 29 जनवरी को होगी रद्द हुई परीक्षा

वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा का सामान्य ज्ञान का पेपर लीक होने पर शनिवार को निरस्त कर दिया गया। लोक सेवा आयोग अजमेर ने सामान्य ज्ञान की निरस्त की गई परीक्षा अब 29 जनवरी 2023 को दुबारा करवाने का निर्णय किया गया है। हालांकि परीक्षा को लेकर विस्तृत शैड्यूल जल्द ही डाला जाएगा।

——————————–

विज्ञान की परीक्षा में 78 फीसदी अभ्यर्थी हुए शामिल

वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा में शनिवार को दूसरी पारी में विज्ञान विषय की परीक्षा में 78 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए। दूसरी पारी में छह केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें 2883 अभ्यर्थियों में 2251 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। वहीं,गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल तीन पुली रोड श्रीगंगानगर पर विद्यालय के कार्मिक का परीक्षा केंद्र होने के कारण परीक्षा केन्द्र परिवर्तित कर डॉ.भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में कर दिया गया है।

——————————– –

पुलिस कर्मियों ने की अभ्यर्थियों की जांच

वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा सुबह नौ से 11 बजे तक होनी थी। हालांकि शनिवार सुबह 8.50 बजे कंट्रोल रूम में पेपर निरस्त होने की सूचना मिल गई थी। इस बीच परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निरस्त होने की सूचना दी गई। इससे एक बार हडक़ंप मच गया । वहीं,पुलिस ने पेपर लीक होने की सूचना मिलते ही परीक्षा देने लिए आए अभ्यर्थियों की विस्तृत जांच की गई।

——————————-

युवाओं के हितों पर कुठाराघात

आरपीएससी की ओर से करवाई जा रही शिक्षक भर्ती परीक्षा में एक बार फिर से पेपर लीक होने पर भाजपा जिला अध्यक्ष आत्माराम तरड़ ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया है। तरड़ ने कहा है कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार युवाओं के हितों पर कुठाराघात कर रही है। बार-बार पेपर लीक करवा कर युवाओं को ठगा जा रहा है।

———-

इनका कहना है

वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा के लिए कठिन मेहनत की थी। जीके का एक प्रश्न हल भी कर दिया था। इस बीच पेपर लीक की सूचना मिलते ही उनसे पेपर वापस ले लिया गया। यह विद्यार्थियों के साथ बहुत बड़ा मजाक हो रहा है। सरकार को सिस्टम में सुधार करना चाहिए। -अंजुला,अभ्यर्थी,घड़साना

———————————————-

वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा में शनिवार को पहली पारी में सामान्य ज्ञान का पेपर था,पेपर करना शुरू किया और अचानक सूचना आई कि पेपर लीक हो गया है। यूं पेपर लीक होना यह विद्यार्थियों के साथ बहुत बड़ा धेाखा है। इसके जिम्मेदारों पर सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

-किरण,अभ्यर्थी,श्रीकरणपुर

————————————

पेपर लीक होना सरकारी सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। बार-बार विभिन्न परीक्षाओं के पेपर लीक होने के बावजूद सरकार कुछ नहीं कर रही। जबकि विद्यार्थी सरकारी नौकरी के लिए कई साल तक रात-दिन कड़ी मेहनत करता है। सरकार को ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।

-संतराम,अभ्यर्थी,घड़साना

———————————

आरपीएससी की ओर से परीक्षार्थियों की संख्या और विषयों के अनुसार वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा को ए,बी तथा सी कुल 3 समूहों में वर्गीकृत किया हुआ है। आयोग स्तर पर ग्रुप-सी के सामान्य ज्ञान के पेपर को स्थगित किया गया है जिसकी परीक्षा अब 29 जनवरी को आयोजित की जाएगी।

-भूपेश शर्मा,परीक्षा विशेषज्ञ,शिक्षा विभाग,श्रीगंगानगर

———————————

जिला स्तर पर पूर्ण तैयारियों के साथ परीक्षा का आयोजन करवाया जा रहा है। आयोग से पेपर निरस्त की सूचना मिलने पर परीक्षा केंद्रों से प्रश्न पत्र वापस मंगवा लिए गए। ऐसी घटनाओं पर रोकथाम के लिए जिले में परीक्षा केंद्रों और एग्जाम टीम को और अलर्ट कर दिया गया है।

-डॉ.हरीतिमा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन,श्रीगंगानगर