सूरत. पश्चिम रेलवे में मुम्बई-इंदौर-मुम्बई अवंतिका एक्सप्रेस के द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित शयनयान कोच में छत से पानी गिरने का वीडियो वायरल हुआ है। इस घटना में एक बुजुर्ग यात्री अपनी सीट पर बैठे हुए छत से गिरते पानी को देखकर परेशान दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पश्चिम रेलवे ने घटना का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर पिछले कुछ समय से ट्रेनों के एसी कोच में छत से पानी गिरने का वीडियो वायरल हो रहा है। बाड़मेर-बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस में भी कुछ दिन पहले एक यात्री ने रेलमंत्री को तृतीय श्रेणी वातानुकूलित कोच में छत से पानी गिरने का वीडियो वायरल किया था। अब एक बार फिर यात्री ने अवंतिका एक्सप्रेस के द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित शयनयान कोच में छत से पानी गिरने का वीडियो वायरल किया है। यात्री के वीडियो वायरल करने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का मुम्बई मंडल के डीआरएम ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 19 जून को ट्रेन संख्या 09038 बाड़मेर-बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस में तृतीय श्रेणी शयनयान के कोच संख्या बी-5 में सीट संख्या 60 पर बैठे यात्री ने एक वीडिया वायरल किया था। इसी दौरान ट्रेन में उनके सीट के पास ही छत से पानी का टपकना शुरू हो गया था। शिकायत के बाद उन्होंने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।