मानसून के अंतिम दौर में आखिर जयसमंद झील भी छलक गई। अब तक संभाग में सभी झीलें, बांध और तालाब छलकने के बाद जयसमंद के ही छलकने का इंतजार था। बीते दिनों में बरसात का क्रम टूटने से इसे छलकने में समय लग गया था। जयसमंद के छलकने से क्षेत्रवासियों में बेहद खुशी का माहौल है। यह झील उदयपुर शहर के 25 फीसदी हिस्से में प्यास बुझाने का काम करती है, वहीं सिंचाई की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। विश्व विख्यात झील में लगातार पानी की आवक के चलते शुक्रवार सुबह रपट से पानी गिरने लगा। जयसमंद छलकने का यह मौका 2 साल बाद आया है।