उज्जैन. धार्मिक नगरी उज्जयिनी में लोगों की आस्था के साथ किस तरह खिलवाड़ होता है इसका नजारा रामघाट पर देखने को मिला। यह भिखारी व्हील चेयर पर बैठा हुआ है, पैर में पट्टी बंधी हुई है। युवा है लेकिन चेहरे पर दरिद्रता के भाव हैं। वहीं एक युवक इसकी व्हील चेयर को धका रहा है और लोगों से भीख मांग रहा है। लेकिन इनकी हकीकत कुछ और ही निकली जब पुलिस ने इन्हें पकड़ा। दरअसल पुलिस ने जैसे ही इन्हें डंडा दिखाया तो पैरो में पट्टी बांधे युवक दौड़ पड़ा। भीख के नाम पर लोगों के साथ खिलवाड़ करने का मामला रामघाट पर देखने को आया है। दो दिन पहले रामघाट पर पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा। इनमें व्हील चेयर पर बैठा हुआ युवक था, जिसके पैर में पट्टी बंधी हुई थी। दूसरा व्हील चेयर को धका रहा था। रामघाट पर संदिग्ध स्थिति में घूमता देख पुलिस ने रोका और पूछताछ की। इसी बीच पता चला कि यह नकली भिखारी हैं। जो व्हील चेयर पर बैठा है वह लंगड़ा नहीं है। इस पर पुलिस ने डंडा दिखाकर उसका पट्टा खुलवाया। युवक ने लोगों के सामने ही पैरों का पट्टा खोला। पुलिस ने उससे कहा अब उठ तो वह खड़ा हो गया। जब उससे दौडऩे को बोला तो वह दौड़ पड़ा। हालांकि मामले में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार नहीं करते हुए छोड़ दिया। महाकाल थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले का कहना है कि दो दिन पहले रामघाट पर दो युवकों को पकड़ा था। नकली अपाहिज बनकर भीख मांग रहे थे। इन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया गया है।