उज्जैन. कांग्रेस नेताओं ने दो दिन पहले कपिला गौशाला का निरीक्षण कर यहां गाय मरने का दावा किया था। वहीं अब गाय जिंदा मिली है। बीमार होने के कारण गाय जमीन पर लेटी हुई थी, जिन्हें कांग्रेसियों ने मृत बताया था। हालत यह थी कांग्रेसियों के दौरे के समय एक भी गाय नहीं मरी नहीं थी।
कपिला गौशाला में अव्यवस्था और गायों के मरने के कांग्रेसियों के लगाए आरोप के बाद अपर आयुक्त आदित्य नागर ने रविवार को गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों गौशाला की कुछ पशुओं के मृत अवस्था में होना बताया गया था वास्तविकता में वे मृत नहीं थी। खराब मौसम के कारण बीमार थी और जमीन पर लेटी हुई थी। निरीक्षण के दौरान रविवार को भी कुछ गाय जमीन पर लेटी हुई मिली। अपर आयुक्त नागर ने दावा किया कि गौशाला में मवेशियों के लिए पर्याप्त आहार है। गायों को हरा चारा और सुखला दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गौशाला में ६५० गायों के हिसाब से सुविधा है वर्तमान में ११८६ गाय हैं। ज्यादा गाय होने से थोड़ी दिक्कत है फिर भी इनका बेहतर ख्याल रख रहे हैं। पिछले दिनों जो गाय बड़ी संख्या में मरने की बात कही गई है वह भी गलत है । मृत पशुओं को हटाने के टेंडर खत्म होने के कारण दो-तीन दिन में मृत मवेशियों को एक साथ ले जाया गया था। यहां डॉक्टर भी नियमित रूप से जा रहे हैं।
तीन शेड का और विस्तार
गौशाला में गायों की संख्या ज्यादा होने से तीन शेड का विस्तार किया जाएगा। इसमें एक शेड में फर्श तो दो शेड को और बढ़ाया जाएगा। इससे जो गाय बाहर है, वह भी शेड में रहेगी।
पशु आहार का टेंडर 430 फीसदी ज्यादा दर पर दिया
नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कपिला गौशाला में आहार क्रय के टेंडर में अनियमितता होने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों की सांठ गांठ से पशुओं के आहार के लिए टेंडर 60 से 430 प्रतिशत अत्यधिक पर दिया गया। यह टेंडर नगर निगम में लेखा विभाग में पदस्थ महिला कर्मचारी के पति को दिया गया। राय का कहना है कि गायों के नाम पर किए जा रहे भ्रष्टाचार से निगम का आर्थिक हानि पहुंचाई जा रही है। जिम्मेदार ठीक से भोजन नहीं करा पाने से गाय मर रही है।
गौसेवकों को देंगे पास
कपिला गौशाला में बेहतर व्यवस्था के लिए गौसेवक अपनी सेवा दे सकते हैं। नागर ने कहा, जो गौसेवक, गौरक्षक कपिला गौशाला आकर प्रतिदिन सेवा करना चाहते हैं, उन्हें निगम की ओर से पास बनाकर दिया जाएगा। इससे उन्हें गायों की सेवा करने में सहूलियत होगी।
झूठ बोल रहे अधिकारी
& निगम अधिकारी साफ झूठ बोल रहे हैं। हमने गायें मृत स्थिति में देखी थीं। कर्मचारियों ने ही बताया था कि जो गाय नीचे गिरी हैं, वे उठ नहीं पाएगी। गायों के लिए जो टेंडर हुआ, उस अनुसार से खाने-पीने की सामग्री नहीं दी जा रही है।
– रवि राय, नेता प्रतिपक्ष, निगम