
वाराणसी. यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए शासन और शिक्षा विभाग की ओर से इस बार कहीं ज्यादा सख्त इंतजाम किए गए हैं। यह पहला मौका है जब जिले के सभी 143 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इतना ही नहीं हर केंद्र के हर कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया गया है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी को पकड़ा जा सके। शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। यह दावा है जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी राय का। उन्होंने पत्रिका से खास बातचीत में यह जानकारी दी। बताया कि पिछली बार भी यह कोशिश की गई थी पर किन्हीं कारणवश व्यवस्था लागू नहीं हो पाई है। लेकिन इस बार हर केंद्र को सीसीटीवी कैमरे से लैश कर दिया गया है। इस बीच बोर्ड सचिव ने परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक परिवर्तन किया है। यह परिवर्तन इंटरमीडिएट परीक्षा से संबंधित है।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा 6 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके लिए जिले में 143 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें केंद्रीय कारागार में बना एक केंद्र भी शामिल हैं। अबकी एक लाख 16 हजार 296 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में होंगी। पहली पाली की सुबह 7 से 10.45 और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर बाद 2 बजे से 5.15 बजे तक होगी। सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती कर दी गई है। कक्ष निरीक्षकों का आवंटन कर दिया गया है। परीक्षा की शुचिता कायम रखने के लिए जिले को पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। जोनल स्तर पर निगरानी रखने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर स्तर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। संवेदनशील 18 परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने बताया कि इस बार छात्राओं के लिए 122 स्वकेंद्र बनाए गए हैं जहां वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों की नियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिए गए है। केंद्रीय कारागार में भी एक केंद्र बनाया गया है। यहां हाईस्कूल और इंटर में 8-8 कैदी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि पहली बार जिलाधिकारी कार्यालय में भी नियंत्रण कक्ष खोला गया है। साथ ही डीआईओएस दफ्तर में भी नियंत्रण कक्ष होगा जो निरंतर काम करेगा।
कक्ष निरीक्षकों की कमी फिर आएगी आड़े
जिलाविद्यालय निरीक्षक का दावा है कि हर केंद्र के लिए कक्ष निरीक्षकों का आवंटन कर दिया गया है। लेकिन हकीकत यह कि हर वर्ष की तरह इस बार भी परीक्षा की शुरू होने की पूर्व संध्या पर शाम तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कक्ष निरीक्षक ड्यूटी हटवाने, केंद्र व्यवस्थापक बदलने को लेकर जोर आजमाइश जारी रही। कई केंद्रों पर अभी तक जरूरत के मुताबिक कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंच पाए हैं। ये हाल तब है जबकि मंगलवार को पहले दिन पहली ही पाली में इंटर हिंदी की परीक्षा है।
ये भी पढ़ें-UP BOARD EXAM- फर्जी छात्र पकड़े गए तो प्रधानाचार्य होंगे दंडित

न शामियाना न टाट पट्टी पर बैठेंगे परीक्षार्थी
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि जितने भी केंद्र बनाए गए हैं धारण क्षमता को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं। ऐसे में किसी केंद्र पर शामियाना या टाट पट्टी पर परीक्षा नहीं होगी। यहां तक कि बरामदे में भी इम्तहान नहीं होगा। जिले में एक ऐसे केंद्र की जानकारी मिली थी जहां बरामदे में परीक्षा की व्यवस्था की जा रही थी, लेकिन इसकी जानकारी होते ही केंद्र व्यवस्थापक को ताकीद कर दिया गया कि बरामदे का प्रयोग परीक्षा के लिए नहीं किया जाएगा। सिटिंग प्लान तैयार कर लिया गया है। सब कुछ दुरुस्त है।
आड़े नहीं आएगी धन की कमी, रोज चलेंगे सभी सचल दस्ते
उन्होंने बताया कि नकल रोकने के लिए जिला स्तर पर छह सचल दस्ते बनाए गए हैं। मंडल स्तर पर भी छह सचल दस्ते गठित किए गए हैं। जिला प्रशासन भी अपनी तरफ से सतर्क रहेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सभी छह सचल दस्ते नियमित रूप से भ्रमण करेंगे। इसके लिए धन की कमी आड़े नहीं आने पाएगी।
शासन स्तर से पर्यवेक्षक नियुक्त
शासन स्तर से विकास श्रीवास्तव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उन्होंने रविवार को बड़ागांव क्षेत्र के कुछ केंद्रों का निरीक्षण किया। विकास श्रीवास्तव निदेशालय में उपशिक्षा निदेशक (शिविर) पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने डीआईओएस ओपी राय के साथ यूपी इंटर कॉलेज, दीनदयाल इंटर कालेज, राजेश्वरी इंटर कॉलेज बैजलपट्टी आदि परीक्षा केंद्रों पर उत्तरपुस्तिकाओं और प्रश्नपत्रों के रखने की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरों की सेंटिंग देखी।
पहली बार फरवरी के प्रथम हफ्ते में बोर्ड एग्जाम
बता दें कि यूपी बोर्ड की परीक्षा पहली बार इतनी जल्दी यानी छह फरवरी से शुरू हो रही है। तीन साल पहले तक यूपी बोर्ड की परीक्षाएं मार्च में शुरू होती थीं। इसके बाद 16 फरवरी से होने लगीं। हाईस्कूल की परीक्षाएं 22 फरवरी को समाप्त हो जाएंगी जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 13 मार्च तक चलेंगी। विकलांग और दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों को एक घंटा अतिरिक्त दिया गया है और उन्हें स्वकेंद्र की सुविधा दी गई है।
कुल परीक्षा केंद्र-143
राजकीय विद्यालय- 07
सहायता प्राप्त विद्यालय-65
वित्त विहीन विद्यालय-70
केंद्रीय कारागार-01
संवेदनशील केंद्र
1-सरस्वती इंटर कॉलेज, सुड़िया
2-खंडेश्वरी बाबा इंटर कॉलेज, चांदपुर
3- तुलसीदास इंटर कॉलेज, अनेई
4-बैजनाथ सेवा संस्थान, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नई बस्ती
5- संकट मोचन इंटर कॉलेज, सिंहपुर
6-ग्राम्य विद्यापीठ इंटर कॉलेज, गरखड़ा
7- एसबी इंटर कॉलेज, बूची
8- एओ मुस्लिम इंटर कॉलेज, लल्लापुरा
9-हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज, मैदागिन
10- सरदार पटेल इंटर कॉलेज, बढ़ैनी
11- लक्ष्मी शंकर इंटर कॉलेज, रजवारी
12- भगवती धाम इंटर कॉलेज, खरगूपुर
13- लालबहादुर शिक्षण संस्थान, नरिया
14- प्रेम प्रकाश इंटर कॉलेज, देईपुर
15-श्रद्धा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजातालाब
16-मदरसा वीर अब्दुल हमीद इंटर कॉलेज,मुरदहां
17- एसवी इंटर कॉलेज, करौदी
18-देववाणी इंटर कॉलेज, छितौनी
कुल परीक्षार्थियों की संख्या-1,16,206
हाईस्कूल के परीक्षार्थी-62,706
हाईस्कूल संस्थागत परीक्षार्थी-59665
हाईस्कूल व्यक्तिगत परीक्षार्थी- 03041
इंटर के परीक्षार्ती- 53590
इंटर के संस्थागत परीक्षार्थी- 49180
इंटर के व्यक्तिगत परीक्षार्ती- 4401
जोन-05
सेक्टर-18
स्टेटिक मजिस्ट्रेट -18
छह व सात फरवरी की परीक्षाएं
छह फरवरी की परीक्षा
इंटरमीडिएट- पहली पाली- सुबह 7.30 से 10.45 बजे तक हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र
दूसरी पाली- दोपहर 02 से शाम 5.15 बजे तक, सामान्य हिंदी प्रथम प्रश्न पत्र
हाईस्कूल- पहली पाली- सुबह 7.30 से 10.45 बजे तक गृह विज्ञान
सात फरवरी
इंटरमीडिएट- पहली पाली- सुबह 7.30 से 10.45 बजे तक संगीत गायन, संगीत वादन, नृत्यकला प्रथम प्रश्न पत्र
दूसरी पाली- दोपहर 02 से शाम 5.15 बजे तक बीमा सिद्धांत एवं व्यवहार प्रथम प्रश्न पत्र
सामान्य आधिकारिक विषय प्रथम प्रश्न पत्र (व्यावसायिक वर्ग के लिए)
हाईस्कूल पहली पाली- सुबह 7.30 से 10.45 बजे तक हिंदी और प्रारंभिक हिंदी
आठ फरवरी की परीक्षा टली
आठ फरवरी को दोपहर दो से शाम सवा पांच बजे तक होने वाली औद्योगिक संगठन द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा अब 12 मार्च को दूसरी पाली दो से शाम सवा पांच बजे होगी। यह निर्देश बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव ने दिया है। इसे सभी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को भेज दिया गया है।