रूसी तेल खरीद की वजह से भारत पर आक्रामक हुए अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सुर बदले हुए नजर आ रहे हैं। भारी टैरिफ लगाकर अमेरिका में ही चौतरफा आलोचना झेल रहे ट्रंप का रुख अब नरम पड़ गया है। यही वजह है कि वे भारत से रिश्ते सुधारना चाहते हैं और उन्होंने इस संबंध में कोशिश भी शुरू कर दी है। ट्रंप ने संकेत दिए है कि वे जल्द ही भारत आ सकते हैं। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पीएम मोदी को अच्छा दोस्त बताते हुए ट्रंप ने कहा कि हमारी बातचीत बहुत अच्छी चल रही है। अमेरिका और भारत ट्रेड डील को लेकर सही ट्रैक पर हैं। पीएम मोदी चाहते है कि मैं वहां जाउं.. हम इसका हल निकाल लेंगे। पीएम मोदी एक महान व्यक्ति है और मैं वहां जाऊंगा। जब उनसे सीधे पूछा गया कि क्या वो अगले वर्ष भारत की यात्रा की योजना बना रहे हैं तो राष्ट्रपति ने जवाब दिया, ‘हो सकता है, हां। इतना ही नहीं, ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि भारत ने रूस से तेल खरीदना लगभग बंद कर दिया है जो उनके प्रशासन द्वारा रूसी ऊर्जा खरीदने वाले देशों पर कड़ी कार्रवाई के अनुरूप है।