ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जल रही जंग अब तबाही की तरफ जा रही है। अब तक ईरान की बुरी तरह नुकसान पहुंचा चुके अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को एक बार फिर ईरान के परमाणु केन्द्र को निशाना बनाया है। जानकारी के अनुसार ईरान के बुशेहर न्यूक्लियर पावर प्लांट सुबह हमला हुआ है। जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई है। बताया जा रहा है कि एक मिसाइल बुशेहर न्यूक्लियर पावर प्लांट की बाहरी सीमा पर गिरी। धमाका काफी तेज था। इस मिसाइल से पावर प्लांट के पास बनी एक इमारत को नुकसान पहुंचा। इसमें सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम कर रहे एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं, संयुक्त राष्ट्र की न्यूक्लियर निगरानी संस्था ने कहा कि रेडिएशन के स्तर में किसी तरह की बढ़ोतरी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन उसने न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हमला करने के खिलाफ चेतावनी दी। साथ ही किसी भी न्यूक्लियर दुर्घटना के खतरे से बचने के लिए सेना से ज्यादा से ज्यादा संयम बरतने की अपील की।