इधर, प्रवासी मजदूरों की मदद कर रही बाइपास पर बनाई हेल्प डेस्क
विदिशा. बाईपास पर प्रतिदिन पैदल या अन्य साधनों से अपने घरों की ओर जाने वाले प्रवासी मजदूरों को किसी भी किसी भी प्रकार की सहायता मुहैया करवाने के लिए नेशनल हाइवे के चेकपोस्ट पर जिला विधिक सहायता केंद्र द्वारा हेल्पडेस्क शुरु की गई है। जिसका शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधीकरण के सचिव डीपीएस गौर द्वारा किया गया। न्यायाधीश गौर ने बताया कि इस हेल्पडेस्क के माध्यम से प्रवासी मजदूरों की मदद और उन्हें कानूनन सुविधाओं की जानकारी देने तथा यदि कोई प्रवासी मजदूर ठगी का शिकार हो गया है, तो कानून के दायरे में नियमानुसार मदद अविलम्ब कराई जाएगी। न्यायाधीश गौर ने बताया कि पांच दिवसीय हेल्प डेस्क में पैरालीगल वालिन्टियर्स के माध्यम से सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी। प्रवासी मजदूरों को राष्ट्रीय नि:शुल्क हेल्पलाइन नम्बर 15100 की जानकारी दी जा रही है। यदि मजदूरों को राशन, मेडीकल आदि की समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो राष्ट्रीय हेल्प लाइन नम्बर के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते है। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन भी मौजूद रहे।