गुरूद्वारे से झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा में आगे-आगे साहबजादे और फिर पंज प्यारे चल रहे थे। इनकी राह को पानी से सींचकर साफ किया जा रहा था और फूल बिखेरे जा रहे थे। जगह-जगह पंज प्यारों के पैर धुलाकर, शरबत पिलाकर और पुष्पवर्षा कर सम्मान किया गया। रथ पर गुरू ग्रंथ साहब विराजमान थे, उनके साथ ज्ञानी मंजीतसिंह मौजूद थे। पीछे-पीछे महिलाएं कीर्तन करती चल रहीं थीं।
रास्ते भर अखाड़े के युवाओं और युवतियों ने तलवार, फर्से, लाठियों और गोलों से करतब दिखाए। उधर बैंड का निर्देशन और उस पर कदमताल करते बैंड के साथियों की लय शानदार थी। ढोल को हवा में उछालकर बजाने और उसे दांतों से दबाकर चलने का अंदाज सबको पसंद आया। समाज के लोगों द्वारा रास्ते भर प्रसादी बांटी जा रही थी। शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई यह शोभायात्रा वापस गुरूद्वारे पर संपन्न हुई, जहां लंगर का आयोजन हुआ।