
गुलाबगंज, गंजबासौदा और त्योंदा में दवाखानों पर छापा, सील हुए क्लीनिक
विदिशा. कलेक्टर डॉ पंकज जैन के निर्देश के बाद जिले भर में अप्रशिक्षित और बिना पंजीयन तथा बिना डिग्री इलाज कर रहे चिकित्सकों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। बुधवार को गुलाबगंज में 12 दवाखानों और 2 पैथॉलॉजी सेंटर सील किए गए। त्योंदा में आधी शटर खोलकर इलाज कर रहे एक अप्रशिक्षित डॉक्टर के दवाखाने पर कार्रवाई कर तहसीलदार ने दवाएं जप्त कीं और दवाखाना सील कर दिया। हैदरगढ़ में भी दो दवाखानों पर कार्रवाई की गई। गंजबासौदा में प्रशासन के आने की खबर लगते ही सभी दवाखाने बंद हो गए।
गुलाबगंज में 12 दवाखाने, दो पैथोलॉजी सील
गुलाबगंज. गुुलाबगंज में बारिश के दौरान ही तहसीलदार हेमंत शर्मा, थाना प्रभारी अनूप नामदेव, डॉ विभूति श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ कस्बे में दवाखानों की पड़ताल के लिए निकल पड़े। उनके आने की सूचना मिलते ही दो पैथोलॉजी सेंटर बंद कर दिए गए। जिन्हें तहसीलदार ने सील कराया। इसके साथ ही 12 दवाखानों का दौरा किया गया। इनमें से कुछ बंद मिले तो कुछ में संचालन करने वाले अपने पंजीयन तथा डिग्रियों के बारे में दस्तावेज नहीं दिखा सके। इन लोगों ने मरीजों के बारे में जानकारी का रजिस्टर भी तैयार नहीं किया था। ऐसे 12 दवाखानों को सील कर दिया गया।
गंजबासौदा में कार्रवाई के डर से बंद मिले निजी अस्पताल
गंजबासौदा. शहर व आसपास के क्षेत्रों में कई डॉक्टर प्रेक्टिस कर रहे हैं और मरीजों का उपचार कर रहे हैं लेकिन जिन्हे शासन से मान्यता नहीं है। ऐसे चिकित्सकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और लगातार कार्रवाई अन्य तहसीलों पर की गई है। बुधवार को जब स्थानीय प्रशासन का अमला डॉक्टरों के दवाखानों पर कार्रवाई करने पहुंचा तो लगभग सभी दवाखाने कार्रवाई के डर से बंद मिले हैं। प्रशासन ने कार्रवाई में देरी कर दी है। जब सिरोंज और अन्य तहसीलों में कार्रवाई की जा रही थी और उसी समय स्थानीय तहसील में भी कार्रवाई की जाती तो कई दवाखाने सील हो जाते, क्योंकि कई ऐसे डॉक्टर अस्पताल खोलें हैं जिनके पास कोई भी दस्तावेज नहीं हैं और वह बाहर से आकर शहर व आसपास के क्षेत्रों में मरीजों का उपचार करते हुए नजर आ रहे हैं जिन पर कार्रवाई नहीं हो रही।
आधा शटर खोलकर हो रहा था इलाज, सील हो गया दवाखाना
त्योंदा. मंगलवार को की गई कार्रवाई के बाद बुधवार को फिर प्रशासन की टीम कार्रवाई के लिए निकली। तहसीलदार दिलीप जडिय़ा, आरआई दुर्गेश राठौर, पटवारी अनिल शर्मा एवं शैलेश गायकवाड़ बस स्टैंड के पास स्थित काजी मार्केट में संचालित श्री बांके बिहारी क्लीनिक को खुला देख जा पहुंचे। जडिय़ा ने बताया कि यहां चिकित्सक शिवराम दांगी अपने क्लीनिक की आधी शटर खोलकर मरीजों का इलाज कर रहा था। जब दांगी से क्लीनिक संबंधी रजिस्ट्रेशन और उनकी डिग्र्री मांगी तो वे कुछ नहीं दिखा पाए। यहां से प्रशासन ने एलोपैथिक दवाएं, इंजेक्शन और सिरिंज बरामद कर क्लीनिक को सील कर दिया। तहसीलदार ने बताया कि दवाखाने में इलाज कराने आए मरीजों का कोई रजिस्टर भी मेंटेंन नहीं किया जा रहा था।
हैदरगढ़ में दो चिकित्सकों पर कार्रवाई
हैदरगढ़. कलेक्टर डॉ पंकज जैन के निर्देशों के बाद नायब तहसीलदार सृष्टि श्रीवास्तव तथा डॉ नत्थी अहिरवार ने हैदरगढ़ कस्बे में चल रहे दवाखानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिना दस्तावेजों के चल रहे दो दवाखानों पर कार्रवाई की।
Published on:
19 Aug 2020 09:58 pm

बड़ी खबरें
View Allविदिशा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
