
राशन दुकान से बांट दिया सड़ा और इल्लियों वाला गेंहू
विदिशा. पहले पानी में रखे-रखे हजारों क्विंटल गेंहू सड़ा दिया गया। वही बोरियां गोदाम में रखवा दीं और अब जब जहां मौका लग रहा है वहां गरीबों को सड़ा और इल्ली-जाले पड़ा गेंंहू खपाने का काम चल रहा है। शहर में ऐसा ही गेंहू बंटने पर उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया। उपभोक्ताओं को बांटे गए इस गेंहू में जाले थे, गेंंहू सड़ा हुआ था और उसमें इल्लियां रेंग रहीं थीं। हंगामा होने पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरू कराकर खाद्य विभाग के अधिकारियों को बुलाया।
मामला विदिशा नगर के वार्ड नंबर 30 पीतलमिल क्षेत्र की राशन दुकान का है। दोपहर को करीब 11.30 बजे राकेश खंगार सहित कुछ अन्य लोग गेंहू लेने पहुंचे तो यहां सेल्समैन सुनील सूद ने उन्हें 27 किलो गेंंहू तुलवा दिया। जैसे ही राकेश खंगार ने अपने थैले के गेंहू को देखा तो उनका माथा ठनक गया। गेंहू में जाले थे, घुन के साथ ही इल्लियां रेंग रहीं थीं। उन्होंने इस तरह का गेंहू लेेने से इंकार कर दिया तो सेल्समैन ने उन्हें बदलकर दूसरा गेंहू दिलवा दिया। जबकि कुछ अन्य लोग यही सड़ा गेंंहू ले जा चुके थे। राकेश ने तब तक विधायक शशांक भार्गव सहित कुछ अन्य लोगों को गेंहू के सैंपल और सड़ा गेंहू वितरण की जानकारी भेज दी। हंगामा होने लगा, तो इस बीच एक ट्राली गेंहू रामलीला के वेयरहाउस से राशन दुकान पर पहुंच गया, जिससे वितरण शुरू कराया गया। सेल्समैन सुनील सूद का कहना था कि यह माल पिछले माह आया था, कुछ गेंहू खराब था, इसकी शिकायत नागरिक आपू्रर्ति निगम से भी की है। खराब गेंहू कुछ लोगों को बंट गया था, यह मैं देख नहीं पाया। उपभोक्ता की शिकायत पर तत्काल राशन बदल दिया गया था।
उधर हंगामा बढ़ा तो पूर्व पार्षद सतीश यादव भी मौके पर पहुंचे और दुकान में सड़ा गेंहू देखकर वे भी भडक़ गए। उन्होंने दुकान में रखी एक बोरी को चेक करने के लिए खोला तो उसमें भी सड़ा गेंहू था, जिसे उन्होंने सडक़ पर उड़ेल दिया उसे मवेशी खाने लगे। उन्होंने सेल्समेन को ताकीद किया कि किसी भी हाल में सड़े गेंहू का वितरण न हो। कुछ ही देर में नायब तहसीलदार प्रमोद उइके मौके पर पहुंचे और उन्होंने पड़ताल शुरू की। उइके ने बताया कि प्रथम दृष्टया 18 बोरी खराब गेंहू पाया गया है। सुबह से 21-22 लोगों को यही खराब गेंहू बांटा गया है। अभी पड़ताल जारी है। खाद्य विभाग के अधिकारियों को भी बुला लिया गया है।
वर्जन...
शिकायत मिलने पर राशन दुकान पर पड़ताल की है। कुछ बोरी सड़ा गेंहू पाया गया है। करीब 21-22 लोगों को वितरण भी हो चुका है। खाद्य विभाग के अधिकारियों को बुलाया है। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्रवाई कर रहे हैं।
-प्रमोद उइके, नायब तहसीलदार विदिशा
Published on:
18 Nov 2020 08:32 pm
बड़ी खबरें
View Allविदिशा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
