विदिशा. दुपारिया के बाद लटेरी की भी एक बेटी मनचलों की छेड़खानी की भेंट चढ़कर दुनियां छोड़ गई। रविवार को देर रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चले चक्काजाम के बाद पुलिस ने दो आरोपियों पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। लेकिन इस बीच आरोपी आमिर खान की रिपोर्ट पर पुलिस ने चक्काजाम के दौरान आरोपी के घर पहुंचकर प्रदर्शन करने, तोड़फोड़ करने और मारपीट के आरोप में छह युवाओं पर भी मामला दर्ज कर लिया। उधर बेटी का अंतिम संस्कार कर घर लौटे परिजनों ने अपने मकान को बेंचकर कहीं और जा बसने का फैसला करते हुए मकान पर यह मकान बिकाऊ है लिख दिया। मृतका के परिजन अभी भी डरे हुए हैं उनका कहना है कि हमने बेटी तो खो दी, पर अब हमारी जान को खतरा है। शाम को अपने ही घर में जान देने वाली 12 वीं की छात्रा निशा कुशवाह ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद पिता भगवान सिंह ने आमिर खान पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया था। पीडि़त पक्ष के लोगों ने आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए चक्काजाम किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आमिर खान, उसकी मां शमीम बानो और बहन ताजवर को गिरफ़्तार कर लिया। इसी प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग आरोपी के घर जा पहुंचे थे। आरोपी की मां शमीम बानो ने लटेरी थाने पहुंचकर अभिषेक बघेल, रीतेश पंडा, निश्चल शर्मा, मनोज कुशवाह, अजय मीना और पर्व शर्मा के खिलाफ घर का दरवाजा तोड़ने, बदतमीजी करने और घर में तोड़फोड़ का आरोप लगाया, इस पर इन सभी पर पुलिस ने भादंवि की धारा 354, 294, 32ब3, 427 और 34 के तहत प्रकरण कायम कर लिया।