
सूरज की तपन के साथ ही बढ़ने लगी माधव उद्यान में चहल कदमी
विदिशा। सूरज की तपन बढ़ने के साथ ही शहर का इकलौता खूबसूरत उद्यान अब लोगों को सुकून देने का प्रमुख स्थल बनने लगा है। सुबह और शाम के वक्त बड़ी संख्या में लोग उद्यान पहुंच रहे हैं। यहां खिलते रंगबिरंगे व विभिन्न आकार के गुलाब लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, वहीं बच्चे युवा एवं वृद्धों को पार्क की हरियाली मन को भा रही है। गर्मी और अधिक बढ़ने के साथ ही लोगों की संख्या भी बढ़ेगी। इन िस्थतियों को देखते हुए पार्क में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं प्रसाधनों की कमी को दूर किया जाना जरूरी महसूस किया जा रहा है।
पार्क से नियमित जुड़े लोगों का कहना है कि सुबह करीब छह बजे से यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे। युवा व वृद्ध यहां घांस के परिसर में योगा, कसरतें व मार्निंग वाक कर रहे हैं तो वहीं बजुर्ग हरियाली में चहल कदमी कर एवं बेंचों पर बैठकर सुबह का वक्त गुजारने पहुंच रहे हैं। वहीं शाम के समय यह भीड़ और अधिक बढ़ रही। इसमें खासकर बच्चों व महिलाओं की संख्या पार्क में अधिक आ रही। बच्चे फिसल पट्टी का आनंद तो कहीं घांस में भागदौड़ कर उत्साहित हो रहे है।
---------------
महक रहे 40 प्रकार के गुलाब
इस उद्यान में गुलाब के करीब 1200 पौधे है। इनमें 40 किस्मों के गुलाब खासकर बच्चों व महिलाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए है। नपा के उद्यान प्रभारी राज बिहारी का कहना है कि यहां चंपा, चमेली, रातरानी, मधु कामिनी, मधुमालती आदि अन्य पुष्पों के भी तमाम पौधे है लेकिन सर्वाधिक आकर्षण गुलाब के पौधों को लेकर है। हर दिन सुबह व शाम को विभिन्न रंगों व आकार के खिलते गुलाब देखने बच्चों व महिलाओं की भीड़ लगती है। इन गुलाबों में सिंदूरी, मेहरून, लाल व गुलाबी रंग के गुलाब मुख्य आकर्षण के केन्द्र है। उद्यान में बटन आकार से लेकर 5 इंच तक के गुलाब खिल रहे। वहीं राज्यस्तरीय गुलाब प्रतियोगिता में 2007 से लगातार हर वर्ष से उद्यान के गुलाब प्रथम पुरस्कार जीतते आए है।
------------
पार्क में तालाब का पानी 10 फीट हो चुका खाली
वहीं गर्मी बढ़ने के साथ-साथ उद्यान के तालाब का पानी भी कम होने लगेगा। बारिश में यह तालाब लबालब था और अब तक तालाब में करीब 12 फीट पानी कम हो चुका है। नपा कर्मचारियों के मुताबिक तालाब करीब 32 फीट गहरा है और जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी इसका जल स्तर कम होता जाएगा। करीब 26 फीट तक इस तालाब का पानी सूख जाता है और गर्मी के अंत तक तालाब में सिर्फ छह सात फीट पानी ही रह जाता है।
-------------
आवश्यक सुविधाएं बढ़ाई जाना जरूरी
पार्क से नियमित रूप से जुड़े अरविंद शर्मा का कहना है कि पार्क से वे नियमित रूप से जुड़े हैं। गर्मी में यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं, इसलिए यहां प्रकाश, पेयजल, प्रसाधनों के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए। पार्क में वाहन चोरी आदि की घटनाएं भी आए दिन होती है इसलिए कुछ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं एवं पार्क में आवले एवं नीम वृक्ष परिसर की ओर दीवार बना दी जाए तो सुरक्षा की दृष्टि से काफी अच्छा रहेगा। उन्होंने बताया कि पार्क के तालाब का बंद फव्वारा चालू कराया जाए तो इससे तालाब के पानी में पर्याप्त आक्सीजन बनी रहेगी इससे गर्मी में जलजीव सुरक्षित रहेंगे वहीं तालाब का पानी भी दुर्गंध से मुक्त रहेगा।
--------------
वर्जन
पार्क में जरूरतों के सभी बिंदुओं का परीक्षण कराकर जो कमियां हैं उन सभी को शीघ्रता से दूर किया जाएगा।
-सीपी राय, सीएमओ
Published on:
14 Mar 2023 11:39 pm

बड़ी खबरें
View Allविदिशा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
