22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जो मूनवॉक टोपी माइकल जैक्सन ने फेंक दी थी, अब होगी नीलाम

सितारे का सामान : 1983 में पहली बार पहनकर किया था डांस, नीलामी 26 को  

2 min read
Google source verification
जो मूनवॉक टोपी माइकल जैक्सन ने फेंक दी थी, अब होगी नीलाम

जो मूनवॉक टोपी माइकल जैक्सन ने फेंक दी थी, अब होगी नीलाम

पेरिस. पहली बार १९८३ में प्रसिद्ध मूनवॉक नृत्य पेश करने के बाद पॉप स्टार माइकल जैक्सन ने अपनी ब्लैक फेडोरा टोपी मंच के किनारे फेंक दी थी। अब 40 साल बाद पेरिस में यह टोपी नीलाम होने वाली है। नीलामी एक होटल में 26 सितंबर को होगी। नीलामी के आयोजक आर्थर पेरॉल्ट के मुताबिक टोपी 64 हजार से एक लाख डॉलर (53 लाख से 83 लाख रुपए) के बीच बिकने की उम्मीद है।

आर्थर पेरॉल्ट का कहना है कि नकली वस्तुओं की बिक्री के आरोपों के कारण माइकल जैक्सन से जुड़ी असली वस्तुओं के मूल्यांकन में गिरावट आई है, फिर भी ब्लैक फेडोरा टोपी अच्छे दाम में बिक सकती है। यह टोपी माइकल जैक्सन की करीब 200 यादगार वस्तुओं में से एक है। पहले मूनवॉक शो के दौरान एडम केली नाम के व्यक्ति ने यह टोपी उठा ली थी। उसे लगा था कि शायद जैक्सन का कोई कर्मचारी उसे लेने आएगा, लेकिन कोई नहीं आया। एडम ने कई साल टोपी अपने पास रखी। बाद में पेरिस के कुछ निजी संग्रहकर्ताओं से होकर यह नीलामीकर्ता तक पहुंची।

इन चीजों की भी की जाएगी नीलामी

माइकल जैक्सन की टोपी के साथ प्रसिद्ध ब्लूजमैन टी-बोन वॉकर का एक गिटार भी नीलाम किया जाएगा। यह डेढ़ लाख यूरो (करीब एक करोड़ रुपए) में बिक सकता है। नीलामी में डेपेचे मोड के मार्टिन गोर का एक सूट भी शामिल होगा। माइकल जैक्सन का 2009 में निधन हो गया था। उनकी बेड जैकेट को टेक्सास के एक बिजनेसमैन और समाजसेवी मिल्टन वेरेट ने 100 अन्य यादगार वस्तुओं के साथ नीलाम किया था।

टूटा हुआ गिटार बिका था पांच करोड़ में

संगीत की यादगार वस्तुएं बड़ा व्यवसाय बन गई हैं। इस साल मई में अमरीका के रॉक बैंड 'निरवाणा' के दिवंगत फ्रंटमैन कर्ट कोबेन का टूटा हुआ गिटार नीलाम किया गया था। यह करीब पांच करोड़ रुपए में बिका। इसे उन्होंने 1990 के दशक की शुरुआत में एल्बम नेवरमाइंड बनाते समय तोड़ा था। गिटार खरीदने वाला अपना नाम उजागर नहीं करना चाहता था। इसलिए नीलामीकर्ता ने आज तक इस नाम का खुलासा नहीं किया।