
मरीज बनकर डाॅक्टर के पास पहुंचा सांप, करवाया एक्स-रे आैर एमआरआई
नई दिल्ली: क्या आपने कभी सांप का एक्स—रे या एमआरआई होते हुए देखा है? अगर नहीं, तो ये खबर आपको हैरान कर सकती है। दरअसल, सांप की रीढ़ की हड्डी एक शख्स ने लाठी मारकर तोड़ दी थी। इसके बाद सांप को अस्तपाल लाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। हरे रंग के बैम्बू पिट वाइपर की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
शख्स ने सांप को लाठी मारकर किया घायल
मामला मुंबई का है। यहां ऐसे सांप का इलाज चल रहा है, जिसकी रीढ़ की हड्डी एक शख्स ने लाठी मारकर तोड़ दी थी। पशु चिकित्सक डॉ. दीपा कात्याल सांप का इलाज कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले सांप का एक्स-रे किया गया, लेकिन जांच में कुछ साफ नहीं हो पाया। इसके बाद एमआरआई मशीन से जांच की गई। इसमें पता चला कि सांप की रीढ़ की हड्डी मुड़ गई है।
ट्यूब के जरिए खिलाया जा रहा खाना
डॉक्टरों के मुताबिक, सांप के दर्द को कम करने के लिए उसे लेजर ट्रीटमेंट और पेन किलर्स भी दिए गए थे। उसे ट्यूब के जरिए खाना खिलाया जा रहा है। उसकी हालत अब काफी बेहतर है। उसकी बॉडी के निचले हिस्से में हरकत होना शुरू हो गई है।
मरीज बनकर पहुंचा सांप, हैरान रह गए डाॅक्टर
एमआरआई करने वाले रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रवि थापर के मुताबिक, सांप का बतौर मरीज क्लिनिक आना हैरान कर देने वाला था। हमने आज तक इंसानों का ही स्कैन किया है। यह पहली बार था कि हमने किसी सांप का स्कैन किया हो।
रिहायशी इलाके में घुस गया था सांप, शख्स ने पकड़कर पहुंचाया अस्पताल
बता दें, सांप एक रिहायशी इलाके में घुसा था। जानकारी मिलने पर सांपों को पकड़ने वाले अनिल कुबाल ने उसे पकड़ा और पशु चिकित्सक के पास ले गए। सांप ठीक से रेंग भी नहीं पा रहा था।
Published on:
20 Sep 2018, 11:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.