
15 yo girl murdered by Father and uncle for making Video on TikTok
Pakistan: पाकिस्तान में एक पिता ने अपनी 15 साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। पिता ने लड़की के मामा के साथ मिलकर अपनी बेटी को गोली मार दी। इस लड़की की गलती सिर्फ इतनी सी थी कि उसने शॉर्ट वीडियो मेकिंग ऐप TikTok पर वीडियो बनाया था। पाकिस्तान की स्थानीय मीडिया ARY न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी पिता अपने परिवार के साथ कई साल पहले अमेरिका शिफ्ट हो गया था। लेकिन कुछ दिन पहले वो अपनी बेटी के साथ पाकिस्तान आया था।
रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना पाकिस्तान के क्वेटा (Quetta) में हुई है। लड़की का नाम हीरा था। हीरा के पिता अपनी बेटी के TikTok पर वीडियो बनाने से नाराज रहते थे। उन्होंने कई बार हीरा को वीडियो बनाने से रोका लेकिन बेटी ने बात नहीं मानी। इससे आगबबूला हुए पिता ने लड़की के मामा के साथ मिलकर उसे जान से मारने की योजना बना ली।
इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़की के पिता का नाम अनवारुल-हक है। वो कई साल पहले अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अमेरिका शिफ्ट हो गया था। वो 15 जनवरी को अपनी बेटी हीरा के साथ पाकिस्तान आया, जबकि उसकी पत्नी और दो और बेटियां अमेरिका में ही रूकीं।
अमेरिका आने से पहले ही अनवारुल-हक ने लड़की के मामा तैयब अली के साथ मिलकर साजिश रच ली थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ने हत्या की बात कबूल ली है। इस मामले को पाकिस्तान की गंभीर अपराध जांच शाखा को दे दिया गया है। अब यही शाखा इस मामले को देख रही है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि अमेरिका में रह रही बेटी वहां के हिसाब से कपड़े पहनती थी, जो परिवार को जरा भी पसंद नहीं था। इसके अलावा उसका लोगों को मिलना-जुलना बाहर जाना, घूमना-फिरना भी पिता को नागवार था।
पाकिस्तान में हर साल 1000 से ज्यादा महिलाएं, लड़कियां अपने परिवार के हाथों ऑनर किलिंग का शिकार होती हैं। पाकिस्तान के स्वतंत्र मानवाधिकार आयोग के मुताबिक पाकिस्तान में हर साल इतनी महिलाओं को उनका समुदाय या परिवार अपने 'सम्मान' के लिए मौत के घाट उतार देता है।
बता दें कि पाकिस्तान में 54 मिलियन से ज़्यादा लोग TikTok ऐप का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने हाल के सालों में इस ऐप को कंटेंट मॉडरेशन के लिए ब्लॉक किया है और अक्सर इस ऐप पर ‘अश्लील कंटेंट’ की शिकायत की है। जिसके बाद पाकिस्तान की इन शिकायतों को देखते हुए इस ऐस से इस तरह के कंटेंट हटाए जा रहे हैं।
Published on:
30 Jan 2025 09:39 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
