
अमेरिका में 30 भारतीय गिरफ्तार (X)
USA Immigration Crackdown: अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे और कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे लगभग 30 भारतीय नागरिकों को संघीय एजेंसियों ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इन सभी के खिलाफ निर्वासन (Deportation) की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (CBP) ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि एरिजोना के युमा सेक्टर में 11 से 15 मई के बीच चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन चेकमेट के दौरान कुल 52 अवैध प्रवासियों को हिरासत में लिया गया। इनमें से 36 लोग कमर्शियल मोटर व्हीकल (Commercial Motor Vehicle) चलाते हुए पाए गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार किए गए भारतीय नागरिक अमेरिका में बिना वैध आव्रजन दस्तावेजों के रह रहे थे और कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे। संघीय अधिकारियों द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान इनकी पहचान की गई, जिसके बाद इन्हें हिरासत में ले लिया गया।
ऑपरेशन चेकमेट अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे उन लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए शुरू किया गया अभियान है, जो कमर्शियल ट्रक और अन्य भारी वाहन चला रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य आव्रजन कानूनों को लागू करना और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। युमा सेक्टर के कार्यवाहक मुख्य सीमा गश्त एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा कि यह अभियान सड़कों और समुदायों को ऐसे चालकों से सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जो अमेरिका में गैरकानूनी रूप से रहकर वाहन चला रहे हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि देशभर में आव्रजन कानूनों के उल्लंघन के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए भारतीय नागरिकों के मामलों की कानूनी समीक्षा की जा रही है। जरुरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उन्हें भारत वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
हाल के महीनों में अमेरिका ने अवैध आव्रजन और फर्जी दस्तावेजों के जरिए रोजगार हासिल करने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में काम कर रहे कई अवैध प्रवासियों की जांच भी संघीय एजेंसियों के रडार पर है।
Updated on:
02 Jun 2026 09:13 am
Published on:
02 Jun 2026 08:44 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
