
अमेरिका ने फिर शुरू किए ईरान पर हमले (File Photo)
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच फिलहाल बातचीत की कोई संभावना नज़र नहीं आ रही है और इस बीच दोनों देशों के हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अमेरिकी सेना ने लगातार बारहवीं रात ईरान पर एक बार फिर हमले कर दिए हैं। अमेरिकी सेना की CENTCOM यूनिट ने इसकी जानकारी दी। CENTCOM ने साफ कर दिया कि ईरान के खिलाफ अमेरिका का यह सैन्य मिशन ईरानी सैन्य क्षमता को और कम करना है, जिसका इस्तेमाल होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में सामान्य नाविकों और कमर्शियल जहाजों पर हमला करने के लिए किया जाता है।
अमेरिकी हमलों से ईरान एक बार फिर दहल उठा है। देश के कई शहरों में धमाके सुनाई दिए हैं और अमेरिकी हमलों के जारी रहने के साथ ही अभी और कई जगह धमाकों की संभावना बनी हुई है।
ईरान पहले ही साफ कर चुका है कि अमेरिकी हमलों के खिलाफ देश झुकने वाला नहीं है। अमेरिकी हमलों को रोकने के लिए ईरान में एयर डिफेंस सिस्टम्स एक्टिव हैं। साथ ही आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) ने कुवैत (Kuwait) में ड्रोन अटैक शुरू कर दिया है। ईरानी ड्रोन्स को रोकने के लिए कुवैत में भी एयर डिफेंस सिस्टम्स एक्टिव हो गए हैं।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) ने ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "ईरान की रक्षा नीति स्पष्ट है। आंख के बदले आंख (जैसे को तैसा)। ईरान पर किसी भी तरह का हमला, जिसमें हमारी बुनियादी संरचना भी शामिल है, एक शक्तिशाली और निर्णायक जवाबी कार्रवाई को जन्म देगा। इस प्रकार के हमले में योगदान देने वाले, चाहे वो किसी भी प्रकार का समर्थन करें, उन्हें भी वैध लक्ष्य माना जाएगा।"
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई (Esmaeil Baghaei) ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि ईरानी जनता दृढ़ और एकजुट है। वो अपने देश की संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए किसी भी अमेरिकी शत्रुतापूर्ण कृत्य या उल्लंघन का पूरी ताकत से सामना करने के लिए तैयार है।
Updated on:
23 Jul 2026 05:33 am
Published on:
23 Jul 2026 04:55 am
