
China Coal mine explosion: Rescue workers at the scene of the accident. (Photo: X@ Xinhua)
Liushenyu coal mine explosion: उत्तरी चीन के चांगझी शहर की लियुशेन्यू कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट में 90 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के बाद सैकड़ों मजदूरों के भूमिगत फंसे होने की आशंका के चलते बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
यह हादसा शुक्रवार को बीजिंग से करीब 520 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम स्थित किनयुआन काउंटी में हुआ। बताया जा रहा है कि विस्फोट से कुछ देर पहले ही खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का अलर्ट जारी किया गया था। दुर्घटना के समय खदान के भीतर 247 मजदूर काम कर रहे थे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं था अन्य मजदूर फंसे थे या नहीं।
शिन्हुआ ने जानकारी देते हुए बताया है कि खदान का संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। यह एक दशक से अधिक समय में कोयला खदान की सबसे घातक दुर्घटना है।
चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping ने बचाव एजेंसियों को निर्देश दिया है कि फंसे मजदूरों को निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। साथ ही सभी विभागों और उद्योगों को सुरक्षा मानकों को लेकर सतर्क रहने, संभावित खतरों की पहचान करने और बड़े हादसों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
शी जिनपिंग ने यह भी कहा कि चीन में बारिश का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए बाढ़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की तैयारियां मजबूत की जाएं। हाल ही में हुनान प्रांत के शिमेन काउंटी में भारी बारिश के कारण कम से कम सात लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार 14 लोग अब भी लापता हैं।
चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी राहत कार्य तेज करने और विस्फोट के कारणों की तत्काल जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय प्रशासन को औद्योगिक सुरक्षा उपायों की गंभीरता से समीक्षा कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य प्रसारक CCTV के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे शानक्सी प्रांत की इस कोयला खदान में विस्फोट हुआ। शुरुआती रिपोर्ट में मृतकों की संख्या आठ बताई गई थी, लेकिन रातभर में आंकड़ा बढ़कर 82 पहुंच गया। बचाव अभियान अभी भी जारी है और विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि शानक्सी चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक प्रांत माना जाता है। यहां करीब 3.4 करोड़ लोग रहते हैं। पिछले साल इस प्रांत में लगभग 1.3 अरब टन कोयले का उत्पादन हुआ था, जो चीन के कुल कोयला उत्पादन का लगभग एक-तिहाई हिस्सा है।
Updated on:
23 May 2026 01:09 pm
Published on:
23 May 2026 12:30 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
