
डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच शांति समझौता (Iran-US Peace Deal) होने के बाद फिर एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों पर हमलों से दोनों देशों में तनाव बढ़ा, लेकिन कतर (Qatar) के दोहा (Doha) में हुई बातचीत सकारात्मक रही और दोनों देशों ने बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने बड़ा दावा कर दिया है।
ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि अमेरिका ने सैन्य मोर्चे पर ईरान को पूरी तरह से हरा दिया है। ईरान के पास अभी भी कुछ मिसाइलें हैं, जिनके बारे में ट्रंप का मानना है कि वह जब चाहे उन मिसाइलों को भी खत्म कर सकते हैं। हालांकि ट्रंप ने कुछ समय पहले कहा था कि ईरान के पास कुछ मिसाइलें होने से उन्हें कोई परेशानी नहीं है। इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने अमेरिका की लगभग सभी शर्तें मान ली हैं।
ट्रंप के दावे के अनुसार उनका इशारा ईरान के साथ चल रही परमाणु प्रोग्राम पर बातचीत, कभी भी परमाणु हथियार न बनाने पर सहमति, संवर्धित यूरेनियम को नष्ट करने या अमेरिका को सौंपने और होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में बिना किसी बाधा के सभी जहाजों की आवाजाही होने देने की ओर हो सकता है।
अगर ईरान की तरफ से अमेरिका की सभी शर्तें मान ली जाती हैं, तो अमेरिका की तरफ से भी ईरान को तेल निर्यात से जुड़े प्रतिबंधों से राहत दी जा सकती है, उसके फ्रीज़ किए हुए पूरे फंड को रिलीज़ किया जा सकता है और आगे कभी भी हमले न करने की प्रतिबद्धता भी दी जा सकती है। इससे दोनों देशों के बीच स्थायी शांति की स्थापना हो सकती है।
ईरान की तरफ से अब तक ट्रंप के इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ट्रंप पहले भी ऐसे कई दावें कर चुके हैं जिन्हें ईरान ने बाद में झुठला दिया। ऐसे में देखना होगा कि इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे में कितनी सच्चाई है।
Published on:
03 Jul 2026 05:13 am
