
डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच सीज़फायर खत्म हो चुका है और शांति समझौता भी रद्द हो गया है। दोनों देशों की ओर से एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले किए जा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत जारी रहेगी और पहले की तरह युद्ध शुरू नहीं होगा। कुछ दिन पहले ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान की किल लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। अब उन्होंने यह भी बता दिया है कि अगर ईरान उनकी हत्या करने में कामयाब होता है, तो उसका क्या परिणाम देखने को मिलेगा।
ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया से बात करते हुए बताया कि अगर ईरान उनकी हत्या करता है, तो इसके लिए उन्होंने पहले से ही निर्देश दे रखे हैं। ट्रंप ने बताया कि अगर ईरान की वजह से उन्हें कुछ भी हुआ, तो ईरान पर ऐसी बमबारी होगी जैसी पहले कभी देखी नहीं गई। ट्रंप ने कहा कि ईरान लंबे समय से उनकी मौत चाहता है और भूतपूर्व ईरानी सुप्रीम लीडर अली खामेनेई (Ali Khamenei) के जनाज़े में भी उनकी हत्या की धमकियों के बैनर देखे गए थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने मीडिया से इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, "अगर मुझे कुछ हुआ, तो मुझे उम्मीद है कि आप मुझे याद करेंगे।"
युद्ध के दौरान खामेनेई की मौत से ईरानी सरकार, सेना और जनता काफी नाराज़ हैं और ट्रंप से इसका बदला लेना चाहती है। हाल ही में तुर्की (Turkey) की राजधानी अंकारा (Ankara) में आयोजित नाटो समिट (NATO Summit) के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा था, "ईरान के पास कई नेता थे, जो मारे गए। फिर उनके पास नेताओं का एक और ग्रुप था, वो भी मारे गए। अब उनके पास नेताओं का एक और ग्रुप है। हो सकता है कि वो भी मारे जाए। और हो सकता है कि मैं भी मारा जाऊं, क्योंकि मैं उनका नंबर वन टारगेट हूं। यह बात हर जगह फैली हुई है। मैं उनका नंबर वन टारगेट इसलिए हूं क्योंकि वो घटिया लोग हैं। वो ऐसे ही काम करते हैं और पिछले 47 सालों से वो ऐसा ही करते आ रहे हैं। हालांकि मुझे सच में कोई परवाह नहीं है, क्योंकि मैं अपना काम कर रहा हूं और मुझे उम्मीद है कि मैं इसे किसी भी दूसरे व्यक्ति से बेहतर तरीके से कर रहा हूं, क्योंकि हमारा देश बहुत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और बहुत सफल है। लेकिन मैंने इसका ज़िक्र इसलिए किया क्योंकि यह लिस्ट में है। मुझे टिकटॉक पर नंबर वन होना ज़्यादा पसंद है, लेकिन मैं ईरान की किल लिस्ट में सबसे ऊपर नंबर वन पर हूं।"
Updated on:
10 Jul 2026 11:56 pm
Published on:
10 Jul 2026 11:55 pm
